टीम इंडिया के कप्तान
विराट कोहली भले
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा टी20 मुकाबला नहीं खेल रहे हैं लेकिन मैच के बाद वह प्रेजेंटेशन में जरूर आएंगे। दरअसल उन्हें
आईसीसी टेस्ट में नंबर वन टीम के तौर पर गदा प्रदान करेगी। बता दें कि इस दौरे पर टीम इंडिया भले ही टेस्ट सीरीज को 2-1 से गंवा चुकी हो लेकिन फिर भी वह आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन बनी रही।
टीम इंडिया ने जनवरी में ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट जीतकर आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप गदा बरकरार रखते हुए 10 लाख डॉलर का पुरस्कार जीता था। गौरतलब है कि टीम इंडिया 124 अंक के साथ द. अफ्रीका पहुंची थी, जिसमें द. अफ्रीका 111 अंकों के साथ दूसरे नंबर मौजूद थी। हालांकि सीरीज गंवाने के बाद टीम के 121 अंक हो गए थे, वहीं द. अफ्रीका के 115 अंक हो गए। लेकिन टीम इंडिया के लिए यह प्रतिष्ठित आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप गदा बरकरार रखने के लिए इतने अंक काफी होंगे जो लगातार दूसरी बार होगा।
बता दें कि दोनों देशों के बीच इस दौरे में तीन टेस्ट, पांच वन-डे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली गई। टेस्ट सीरीज 2-1 से गंवाने के बाद वन-डे सीरीज 5-1 से जीतने में कामयाब रही। वहीं खबर लिखे जाने तक टी20 सीरीज का अंतिम मुकाबला केपटाउन में खेला जा रहा है। फिलहाल टी20 सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।