केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वामपंथी चरमपंथी ताकतों के साथ संबंध हैं जो देश की एकता के लिए खतरा है। तमिल साप्ताहिक पत्रिका के 52वें वार्षिक दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा अपनी नीतियों के साथ देश में परिवर्तनकारी बदलाव ला रही है और कोरोना महामारी के प्रभाव के बावजूद अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है।
कांग्रेस कर रही नासमझ की तरह राजनीति
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीतारमण ने कहा कि यहां तक कि उन जगहों पर जहां दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी या राजीव गांधी सावधानी से कदम रखते थे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जाते हैं और 'वाम अतिवादी ताकतोंट के साथ खड़े होते हैं। ये ताकतें देश की एकता को खत्म कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नासमझ की तरह राजनीति कर रही हैं।
हमें कांग्रेस मुक्त भारत की जरूरत
कांग्रेस पर तीखे हमला जारी रखते हुए वित्तमंत्री सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस खुद को नासमझ राजनीति में शामिल कर रही है और हमें कांग्रेस मुक्त भारत की जरूरत है। उन्होंने (कांग्रेस ने) गलतियां की हैं, भ्रष्टाचार किया है, टू जी घोटाला किया है, और वंशवादी राजनीति में भी शामिल रहे हैं।
डिजिटल अर्थव्यवस्था की प्रगति हुई
सीतारमन ने अपने हालिए संयुक्त राज्य अमेरिका दौरे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह से डिजिटल अर्थव्यवस्था की प्रगति हुई है, उससे कई उद्योगपति हैरान हैं। अमेरिका दौरे के दौरान कई उद्योगपतियों ने डिजिटल भुगतान समाधान, राष्ट्रीय भुगतान सुविधा, बार कोड रीडिंग के बारे में जानकारी ली। हम (भाजपा) छोटे बदलाव नहीं ला रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, एक परिवर्तनकारी बदलाव आया है। आगे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आईएमएफ ने भारत में कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन का सामना करने के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था को तेजी से बढ़ने का अनुमान लगाया है।
पीएम मोदी का किया धन्यवाद
उन्होंने कहा कि मैं शुक्रगुजार हूं कि जब कोविड-19 हुआ तब मोदी हमारे देश के प्रधानमंत्री थे। मैं सोच भी नहीं सकती कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो क्या होता। इस अवसर पर सीतारमण ने महामारी के दौरान प्रदान की गई सेवाओं के लिए बैंक कर्मचारियों की भी सराहना की।
सीतारमन ने कहा कि उस समय कोई टीकाकरण नहीं था। सभी जोखिमों के बावजूद, पीपीई पहनकर और आवश्यक सामान के साथ वे लोगों की सेवा के लिए देश के कोने-कोने में गए। मैं बैंक कर्मचारियों द्वारा प्रदान की गई सेवा को नहीं भूल सकती। जीएसटी को लेकर सीतारमण ने कहा कि केंद्र ने राज्यों को 2020 और 2021 के लिए बकाया का भुगतान किया है।