अहमदाबाद के एक फिल्म निर्माता के लापता होने के बाद उनके परिजनों ने डीएनए सैंपल जमा किए हैं, क्योंकि उनका मोबाइल फोन गुरुवार को हुए भयानक एयर इंडिया विमान हादसे के स्थान से मात्र 700 मीटर दूर आखिरी बार ट्रेस किया गया था।
गुजरात के अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को हुए एअर इंडिया विमान हादसे के बाद से संगीत एलबम निर्देशक महेश कलावाडिया उर्फ महेश जीरावाला लापता हैं। परिजनों का कहना है कि उनके मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन दुर्घटनास्थल से महज 700 मीटर दूर थी। महेश के हादसे की चपेट में आने की आशंका के चलते परिजनों ने उनकी शिनाख्त के लिए डीएनए सैंपल दिया है।
विज्ञापन
नरोद निवासी महेश की पत्नी हेतल ने बताया कि महेश बृहस्पतिवार दोपहर लॉ गार्डन क्षेत्र में किसी से मिलने गए थे। उन्होंने दोपहर 1:14 बजे फोन कर बताया कि उनकी मुलाकात खत्म हो गई है और वह घर आ रहे हैं। जब वह घर नहीं पहुंचे तो उनके फोन पर कॉल किया लेकिन फोन बंद आ रहा था।
उन्होंने कहा कि इसकी सूचना पुलिस को दी। उनके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन से पता चला कि वह दुर्घटनास्थल से महज 700 मीटर दूर थे। उन्होंने कहा कि महेश का फोन दोपहर 1:40 बजे (दुर्भाग्यपूर्ण विमान के उड़ान भरने के एक मिनट बाद) बंद हो गया। उनका स्कूटर और मोबाइल फोन गायब है। यह सब असामान्य है, क्योंकि वह घर आने के लिए कभी उस रास्ते (आखिरी लोकेशन के अनुसार) का इस्तेमाल नहीं करते। उन्होंने बताया कि हमने यह पता के लिए डीएनए सैंपल दिया कि क्या वह दुर्घटना के कारण जमीन पर मारे गए लोगों में से तो नहीं हैंचूंकि कई शव बुरी तरह जल गए हैं या पहचान के लायक नहीं बचे, इसलिए प्रशासन डीएनए परीक्षण के जरिए हादसे के शिकार लोगों की पहचान कर रहा है।
विमान हादसे में मारे गए लोगों में से 80 मृतकों के डीएनए मैच हो चुके हैं। इनमें से 33 शवों को संबंधित परिवारों को सौंपा गया है। इसके अलावा डीएनए टेस्ट की आवश्यकता के बिना पहचाने गए 8 शवों को शुक्रवार को ही परिजनों को सौंप दिया गया था। केवल 3 यात्रियों के रिश्तेदारों के डीएनए सैंपल लंबित हैं। ये रिश्तेदार अभी ब्रिटेन में हैं और उनके अगले 2-3 दिनों में आने की उम्मीद है।