देश के सात प्रमुख शहरों में अक्तूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान कुल 1,10,811 मकान बिके। बिक्री में यह तेजी सालाना आधार पर 25 फीसदी और सितंबर तिमाही के मुकाबले 78 फीसदी ज्यादा है। 2019 की समान तिमाही में कुल 88,976 मकान बिके थे।
प्रॉपइक्विटी के आंकड़े... सितंबर तिमाही के मुकाबले 78 फीसदी बढ़ी बिक्री
डाटा एनालिटिक फर्म प्रॉपइक्विटी के मुताबिक, लॉकडाउन खत्म होने और त्योहारी मांग बढ़ने से 2020 की चौथी तिमाही में सात प्रमुख शहरों दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगर क्षेत्र, बंगलूरू, चेन्नई, कोलकाता, पुणे और हैदराबाद में बिक्री बढ़ी है।
प्रॉपइक्विटी के एमडी एवं संस्थापक समीर जसूजा का कहना है कि आवासीय बाजार में निश्चित तौर पर सुधार हुआ है। चौथी तिमाही के आंकड़ों से सुधार के संकेत मिल रहे हैं। देश में कोविड-19 वैक्सीन लगाने की शुरुआत हो चुकी है, इसलिए इस क्षेत्र में आगे और भी तेजी आने की उम्मीद है।
2020 में 16 फीसदी घटी बिक्री
आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में मांग बढ़ने के बावजूद 2020 के दौरान आवासीय संपत्तियों की बिक्री 16 फीसदी कम होकर 2,86,951 इकाई रह गई। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में मकानों की बिक्री 34 फीसदी घटकर 29,640 इकाई रह गई। कोलकाता में यह बिक्री 38 फीसदी, चेन्नई में 30 फीसदी, बंगलूरू में 29 फीसदी, पुणे में 17 फीसदी और हैदराबाद में 14 फीसदी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मुंबई महानगर क्षेत्र में 3 फीसदी बढ़कर 1,11,256 इकाई पहुंच गई।