महाराष्ट्र के अकोला क्षेत्र में सोमवार को हड़कंप मच गया। पिता ने ही पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि दोनोें के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पिता द्वारा पुत्र की हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपित पिता स्थानीय नेता है।
घटना जथारपेठ स्क्वायर इलाके में हुई। आरोपित पिता बाबा भारती स्थानीय नेता है, जिसने अपने बेटे मनीष की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह मनीष असलहा लेकर पिता के पास पहुंचा और संपत्ति को लेकर विवाद करने लगा। बाबा भारती ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन मनीष मानने को तैयार नहीं था। पिता-पुत्र के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जान पर भारी पड़ा।
बाबा भारती ने रिवाल्वर निकाली और गोली मारकर अपने ही बेटे मनीष की हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। स्थानीय लाेगों से पुलिस ने घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि बाबा भारती को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।