कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन करते किसान (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
देशभर में संसद के दोनों सदनों से पारित और राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित कृषि कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। कर्नाटक, पंजाब और दिल्ली में जहां विपक्ष और किसान संगठन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं केरल से कांग्रेस सांसद टीएन प्रतापन ने इसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अदालत में कानून वापस लेने को रिट याचिका दाखिल की है।
कांग्रेस सांसद टीएन प्रतापन ने मूल्य आश्वासन और फार्म सेवा अधिनियम, 2020 के किसान (सशक्तीकरण और संरक्षण) समझौते के खिलाफ याचिका दाखिल की है। प्रतापन ने धारा 32 की धारा 2, 3, 4, 5, 6, 7, 13, 14, 18 और 19 की संवैधानिकता को चुनौती दी है। कांग्रेस सांसद का कहना है कि यह संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 का उल्लंघन है।
उच्चतम न्यायालय के सामने टीएन प्रतापन के वकील आशीष जॉर्ज, वकील जेम्स पी थॉमस और वकील सीआर रेखेश शर्मा पेश होंगे। इस बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा कृषि विधेयकों पर हस्ताक्षर करने और उन्हें कानून बनाने के एक दिन बाद, पंजाब युवा कांग्रेस ने इंडिया गेट इलाके में एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर अपना विरोध जताया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरू कर दी है।