देश में आपत्तिजनक सामग्री (कंटेंट) को लेकर फेसबुक, गूगल और इंस्टाग्राम ने कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने कहा है कि दिसंबर में 13 श्रेणियों के तहत फेसबुक ने एक करोड़ 93 लाख से अधिक आपत्तिजनक पोस्ट हटाए। कंपनी की मासिक अनुपालन रिपोर्ट में कहा गया है कि फोटो साझा करने के मंच इंस्टाग्राम से 12 श्रेणियों के तहत 24 लाख कंटेंट हटाए गए।
फेसबुक को भारतीय शिकायत प्रणाली के माध्यम से मिली 531 शिकायतें
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियम के मुताबिक बड़े डिजिटल मंचों के लिए (जिनके 50 लाख से अधिक उपयोगकर्ता हैं ) हर महीने अनुपालन रिपोर्ट प्रकाशित करना जरूरी है। इस रिपोर्ट में आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर प्राप्त शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण होता है। इस रिपोर्ट में स्वचालित तरीके से निगरानी के जरिए हटाई गई आपत्तिजनक सामग्री का भी विवरण होता है। रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर में फेसबुक को भारतीय शिकायत प्रणाली के माध्यम से 531 शिकायतें मिलीं।
गूगल ने दिसंबर में हटाए 94,173 आपत्तिजनक कंटेंट
गूगल को दिसंबर में कॉपीराइट उल्लंघन समेत आपत्तिजनक कंटेंट (सामग्री) को लेकर उपयोगकर्ताओं से 31,497 शिकायतें मिलीं। इन शिकायतों के आधार पर गूगल ने 94,173 आपत्तिजनक कंटेंट को हटाया। इसके अलावा स्वचालित तरीके से निगरानी के जरिए दिसंबर में 4,05,911 कंटेंट भी हटाए गए।