फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'बंगाल में अब भी जारी वसूली का खेल': वित्त मंत्री के कबूलनामे पर गरमाई सियासत; बोले- ये लोगों की आदत बन गई है

Sun, 15 Nov 2026 10:23 AM IST
नितिन गौतम पीटीआई, कोलकाता

सार

पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता के एक बयान से राज्य की सियासत गरमा गई है। दरअसल वित्त मंत्री ने स्वीकार किया है कि बंगाल में अभी भी वसूली का खेल जारी है। मंत्री के इस बयान पर विपक्ष ने सरकार को घेर लिया है। 
विज्ञापन
बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने खुद स्वीकार किया है कि राज्य में सरकार बदलने के बावजूद वसूली का धंधा जारी है। उन्होंने कहा कि जब तक इस पर पूरी तरह रोक नहीं लगती, तब तक जनता का भरोसा पूरी तरह बहाल नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य से वसूली की समस्या खत्म करने के लिए सरकार को एक साल का समय दिया जाना चाहिए। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दासगुप्ता ने वसूली को एक गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए राजनीतिक और आर्थिक, दोनों स्तरों पर कदम उठाने की जरूरत है।
विज्ञापन


वित्त मंत्री ने क्या कहा?
स्वपन दासगुप्ता ने कहा, 'यहां वसूली हो रही है। यही सच्चाई है। जब तक इसे रोका नहीं जाता, तब तक लोगों का भरोसा पूरी तरह वापस नहीं आ सकता।' मंत्री ने यह भी माना कि दक्षिण कोलकाता की अपनी विधानसभा सीट रासबिहारी में भी वह तमाम कोशिशों के बावजूद वसूली की इस समस्या को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने अपने स्तर पर अपने विधानसभा क्षेत्र में इसे रोकने के लिए हर संभव कोशिश की है। लेकिन मैं यह दावा नहीं कर सकता कि इसमें 100 फीसदी सफलता मिली है। यह लोगों की आदत बन गई है। जब कोई दूसरा रास्ता काम नहीं करता, तो ऐसा लगता है कि यह अब सामान्य बात हो गई है।'

दासगुप्ता ने आगे कहा, 'इसे रोकने के लिए हमें एक साल का समय दीजिए।' दासगुप्ता का यह बयान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन के नाम पर अराजकता और गलत कामों को बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी थी।
विज्ञापन


समिक भट्टाचार्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेताया
भट्टाचार्य ने शुक्रवार को दमदम में पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से गलत कामों में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को कहा था। उन्होंने कहा था कि ऐसा करने वालों की राजनीतिक पहचान नहीं देखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा था, 'अराजकता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन लोगों की पहचान करें, जो पार्टी के नाम और झंडे को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। मुझे दस्तावेज दीजिए, मैं कार्रवाई सुनिश्चित करूंगा।'

वित्त मंत्री के कबूलनामे पर सियासत गरमाई
भट्टाचार्य के बयान के 24 घंटे के भीतर दासगुप्ता के इस कबूलनामे ने राज्य में नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार के उन दावों पर सवाल उठाए हैं, जिनमें राज्य की राजनीतिक संस्कृति बदलने की बात कही जा रही है। सीपीआईएम नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि भाजपा के दोनों नेताओं के बयानों से सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर विरोधाभास सामने आ गया है।

उन्होंने कहा, 'एक तरफ भट्टाचार्य कहते हैं कि गलत कामों में शामिल लोग भाजपा के नहीं हैं, वहीं दूसरी तरफ वह मानते हैं कि राज्य में अराजकता मौजूद है। दासगुप्ता स्वीकार कर रहे हैं कि वसूली बंद नहीं हुई है। अब भाजपा का असली चेहरा और उसका मुखौटा अलग करना मुश्किल होता जा रहा है।'

वहीं, टीएमसी नेता और ममता बनर्जी खेमे के विधायक कुणाल घोष ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता वसूली और रिश्वतखोरी में शामिल हैं।

घोष ने कहा, 'भाजपा से जुड़े लोग ऊपर से लेकर नीचे तक वसूली कर रहे हैं और रिश्वत ले रहे हैं। वे टीएमसी में रहते हुए गलत कामों में शामिल रहे लोगों को भी कई तरह के ऑफर देकर अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं। भाजपा ऐसे लोगों को अपने साथ रखकर अराजकता और वसूली की शिकायत नहीं कर सकती।' राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से भाजपा से जुड़े लोगों पर वसूली और गलत कामों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें