आईआरसीटी से मिली जानकारी के अनुसार, कई बार लोग ट्रेनों में लंबी दूरी की यात्रा करते हैं। इस दौरान वे अपना जन्म दिन व शादी की सालगिरह जैसे आयोजन नहीं कर पाते हैं, लेकिन अब वे इसे भी ट्रेन में मना सकेंगे। आईआरसीटी की नई पॉलिसी की तहत ऐसे लोग सुविधा और समय को देखते हुए ई-कैटरिंग सेवा के जरिए रास्ते में पड़ने वाले शहरों में खाने के लिए सामान ऑर्डर कर सकते हैं। इनमें यात्री बर्थडे केक, बर्गर और पिज्जा तक मंगवा सकते हैं।
आम, बिरयानी और सरवणा भवन का खाना बना पसंदीदा
अधिकारी के मुताबिक अभी आईआरसीटीसी ई-कैटरिंग सेवा के जरिए यात्रियों को सरवणा भवन का साउथ इंडियन फूड, डोमिनोज का पिज्जा, हल्दीराम का खाना, सब वे का बर्गर और सैंडविच के अलावा वेज और नॉनवेज बिरयानी भी मंगवा रहे हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों से गुजरने वाली ट्रेनों में रत्नागिरी का अल्फांसो आम और रसगुल्ला तक बुककर रास्ते में ली जा सकती है। इसके अलावा ट्रेन जिस भी शहर से गुजरेगी वहां की मशहूर चीज भी ई-कैटरिंग सेवा के जरिए बुक करा सकेंगे।
पिछले साल मार्च में कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए भारतीय रेलवे ने ई-कैटरिंग की सेवा को पूरी तरह बंद कर दिया था। अब यह सेवा चुनिंदा स्टेशनों पर फिर से शुरु कर दी गई है। ई-कैटरिंग की सेवा सभी स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शुरू की गई है।
वेबसाइट व एप से कर सकते हैं बुकिंग
आईआरसीटीसी ई-कैटरिंग की ऑफिशियल वेबसाइट और एप के जरिए यात्रियों को अपने सीट पर रहते हुए खाने-पीने के सामानों के लिए बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराती है। इसमें यात्रियों को मेन्यू से मनपसंद खाना ऑर्डर करना होता है और फिर उसे यात्रियों की सीट तक पहुंचाया जाता है। खाना ऑर्डर करते समय यात्रियों को पीएनआर नंबर, ट्रेन नाम, सीट/बर्थ नंबर जैसा ब्यौरा देना होता है।