पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान से कुछ घंटे पहले शुक्रवार रात पुरुलिया जिले के बंदवान में चुनाव ड्यूटी के लिए किराये पर लिए गए एक वाहन को आग लगा दी गई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बताया जा रहा है कि वाहन निर्वाचन अधिकारियों को मतदान केंद्र पर छोड़ने के बाद वापस जा रहा था। इस दौरान राज्य के नक्सल प्रभावित जंगलमहल क्षेत्र के तुलसिडी गांव में इसमें आग लगा दी गई।
Bengal Election Live: बंगाल में पहले दौर का मतदान शुरू, 191 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगलों से अचानक बाहर आए कुछ लोगों ने वाहन को रोका और कथित रूप से उस पर पेट्रोलियम पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी।
सूत्रों ने कहा कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इससे पहले कि दमकल कर्मी आग पर काबू पाते, वाहन जलकर राख हो चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुरुलिया जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर शनिवार को पहले चरण में मतदान होना है।
Assam Election Live: पहले चरण का मतदान शुरू, पीएम मोदी ने की रिकॉर्ड वोटिंग की अपील
गौरतलब है कि शनिवार के दिन भी पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के बीच कुछ जगहों पर हिंसक झड़प होने की बात भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार पूर्वी मिदनापुर में कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घटना को लेकर भाजपा और टीएमसी एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं।