चुनाव आयोग ने राज्यसभा की खाली पड़ी 7 सीटों पर चुनाव कराने की तारीख का एलान कर दिया है। 4 अक्तूबर को राज्यसभा की खाली पड़ी सीटों पर चुनाव होगा। तमिलनाडु की दो सीट पुदुचेरी, असम, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और बंगाल की 1-1 सीट पर चुनाव होगा। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा परिषध की खाली पड़ी सीट पर इसी तारीख को चुनाव कराने का फैसला किया है। नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 22 सितंबर रहेगी। इससे पहले उम्मीदवारों को नामांकन करना जरूरी है।
असम से सर्बानंद सोनोवाल हो सकते हैं उम्मीदवार
मध्यप्रदेश राज्यसभा सीट भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री थावरचंद गहलोत को जुलाई में कर्नाटक के राज्यपाल बनने के बाद खाली हो गई थी। असम में खाली सीट से भाजपा केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को मैदान में उतार सकती है। अटकलें लगाई जा रही है केंद्रीय नेतृत्व सोनोवाल को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला करेगा।
बता दें कि सोनोवाल मौजूदा दौर में केंद्रीय मंत्री हैं और वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। वहीं, तमिलनाडु में दो सीटें अन्नाद्रमुक नेताओं के पी मुनुसामी और आर वैथिलिंगम के इस्तीफे के कारण खाली हो गईं, जो अब तमिलनाडु विधानसभा के सदस्य हैं। पश्चिम बंगाल की राज्यसभा सीट टीएमसी नेता और पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री मानस रंजन भुनिया के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।