चुनाव आयोग ने गुजरात के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी किया है। बताया गया है कि आयोग द्वारा तय की गईं शर्तों के तहत अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर अनुपालन रिपोर्ट (कंप्लायंस रिपोर्ट) दाखिल न करने के चलते आयोग ने यह नोटिस भेजा है और तत्काल रिपोर्ट मांगी है।
चुनाव आयोग ने गुजरात के मुख्य सचिव और डीजीपी से यह भी पूछा है कि आखिर इस मामले में इतना समय बीत जाने के बाद भी अनुपालन रिपोर्ट तैयार कर के भेजी क्यों नहीं जा सकी। आयोग ने कहा है कि इस रिपोर्ट को लेकर जिम्मेदार अफसरों को रिमाइंडर भी भेजा गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब अधिकारियों को स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया है कि 'मामले में निर्देश जारी करने के बावजूद निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद भी अब तक अनुपालन रिपोर्ट जमा क्यों नहीं की गई।'
अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापना संबंधी पत्र हिमाचल प्रदेश और गुजरात को भेजे गए थे। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा, जबकि गुजरात चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है। आयोग ने दोनों राज्य सरकारों को गृह जिलों में तैनात अधिकारियों और पिछले चार वर्षों में एक जिले में तीन साल बिताने वाले अधिकारियों को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था।