कोरोना वायरस की वजह से वोटिंग का समय एक घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। पहले शाम पांच बजे तक होती थी। वोटिंग से एक दिन पहले सभी पोलिंग स्टेशन को सैनिटाइज किया जाएगा। एक बूथ पर 1500 की बजाय 1000 मतदाता ही वोट डाल सकेंगे। पोलिंग स्टेशन के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर साबुन, पानी और सैनिटाइजर उपलब्ध रहेगा। बिना मास्क के आने वालों के लिए बूथ पर मास्क रखे जाएंगे।
2.7 लाख केंद्रों पर 18.68 करोड़ लोग करेंगे मतदान
अरोड़ा ने कहा कि इन चुनावों के दौरान कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी में 2.7 लाख मतदान केंद्रों पर 18.68 करोड़ लोग अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 18 सीटों पर चुनाव के लिए ट्रायल शुरू किए थे। इसके बाद बिहार चुनाव की चुनौती आई, यह ईसीआई के लिए यह एक शानदार क्षण था। यह एक लिटमस टेस्ट की तरह सिद्ध हुआ।
कोरोना योद्धाओं को अरोड़ा ने धन्यवाद कहा
सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोविड योद्धाओं, चिकित्सकों, पैरामेडिक्स, नर्सों, वैज्ञानिकों और हमारे सभी अधिकारी जो चुनावी ड्यूटी में अग्रिम पंक्ति में तैनात थे, हम उन्हें धन्यवाद कहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में हुए विधानसभा चुनाव को सफलतापूर्वक सुनिश्चित कराने में इनका अहम योगदान रहा।
मतदाताओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम
प्रेस वार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोरोना वायरस चुनौती के बीच चुनावों के लिए हमने मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए हैं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।