पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सांसद डी के सुरेश कथित तौर पर मुफ्त उपहारों के बांटने की योजना बना रहे हैं और राज्य का चुनाव तंत्र इस पर कार्रवाई करने में विफल रहा है।
लोकसभा चुनाव होने में अब एक महीने से भी कम समय रह गया है। ऐसे में चुनाव आयोग सख्ती बरत रहा है। वह लगातार शिकायतों पर कार्रवाई कर रहा है। अब आयोग ने जेडीएस अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा की कांग्रेस सांसद डी के सुरेश के खिलाफ शिकायत पर संज्ञान लिया है। उसने कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन
दरअसल, देवगौड़ा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सांसद डी के सुरेश कथित तौर पर मुफ्त उपहारों के बांटने की योजना बना रहे हैं और राज्य का चुनाव तंत्र इस पर कार्रवाई करने में विफल रहा है।
अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में चुनाव आयोग ने उनसे आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों और संबंधित कानूनों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने के लिए कहा और जल्द से जल्द अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। बता दें, पूर्व प्रधानमंत्री गौड़ा की शिकायत के आधार पर चुनाव अधिकारी को 21 मार्च को पत्र भेजा गया।
विज्ञापन
भ्रष्ट गतिविधियों को रोकने में विफल रहा राज्य का चुनाव तंत्र
जेडीएस के नेता ने आरोप लगाया कि बंगलूरू (ग्रामीण) लोकसभा सीट पर भ्रष्ट गतिविधियों को रोकने के लिए राज्य का चुनाव तंत्र कार्रवाई करने में विफल रहा है। यहां तक कि मुफ्त में उपहार बांटे गए, उसे भी चुनाव आयोग रोकने में नाकामयाब रहा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी ने न केवल अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरती बल्कि मौजूदा सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने से भी डरे हुए हैं, जो उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई हैं।