वायुसेना के लापता हुए एएन-32 विमान की ढूंढने की कोशिशें जारी हैं। दो दिन के बाद सोमवार को वायुसेना ने हवाई सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आठ दिन बीत जाने के बावजूद विमान का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। बीते 3 जून को असम के जोरहाट से उड़ाने भरने के बाद विमान लापता हो गया था। इसमें 13 लोग सवार थे।
शिलांग में वायुसेना के प्रवक्ता रत्नाकर सिंह ने बताया कि वायुसेना, सेना, जिला और स्थानीय प्रशासन के सघन तलाशी अभियान के बाद भी विमान का पता नहीं लग सका है। हेलीकॉप्टर और सी-130जे विमान ने दिन में लगातार सर्च अभियान चलाया, जबकि यूएवी व सी-130जे विमान से रात में भी अभियान जारी रहेगा। सेना, आईटीबीपी, राज्य पुलिस और स्थानीय लोग लगातार जमीन पर तलाश कर रहे हैं।
खराब मौसम के कारण दो दिन से हवाई तलाशी अभियान में परेशानी आई थी, लेकिन सोमवार को फिर से इसे शुरू कर दिया गया। गौरतलब है कि शनिवार को वायुसेना ने विमान का सुराग देने वाले को 5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।