हाईवे पर जाम लगाकर बैठे शिक्षामित्र।
- फोटो : अमर उजाला
समायोजन रद्द होने से खफा सैकड़ों शिक्षामित्रों ने रिमझिम बारिश में भी जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय राजमार्ग एक घंटे से ज्यादा समय तक जाम रखा। सांसद के आवास का घेराव कर विरोध जताया। उनके समर्थन में कई शिक्षक संगठन भी शामिल रहे।
आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन और प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने मुख्यालय के पुरानी बाजार रामलीला भवन से जुलूस निकाला। केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदर तहसील कार्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर बैठ गए। सदर एसडीएम नरेंद्र बहादुर और कोतवाल मनोज शुक्ला ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षामित्र नहीं माने। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
कई स्कूली भी जाम में फंस गईं। लगभग एक घंटे बाद शिक्षामित्रों ने सांसद आवास की ओर रुख किया। हाईवे किनारे स्थित भाजपा सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा के आवास का घेराव कर धरने पर बैठ गये। इससे भी राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहा। सांसद के न होने पर भी धरने पर बैठे रहे। सांसद आवास में मौजूद नेताओं ने मोबाइल से सांसद की बातचीत कराई। इसके बाद शिक्षामित्रों का धरना समाप्त हुआ। शिक्षामित्रों ने संासद प्रतिनिधि सुशील द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा।