टीएमसी सांसद केडी सिंह (फाइल फोटो)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद केडी सिंह के यहां स्थित आवास तथा कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी कर 32 लाख रुपये नकद तथा 10 हजार अमेरिकी डॉलर जब्त किए। ईडी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। ईडी ने कहा कि सांसद और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई।
ईडी ने कहा कि अलकेमिस्ट समूह की 14 कंपनियों के पंजीकृत कार्यालयों समेत दिल्ली और चंडीगढ़ में सात स्थानों पर गुरुवार को छापेमारी की गई। अलकेमिस्ट समूह सांसद सिंह द्वारा नियंत्रित कंपनी है। ईडी ने जांच के सिलसिले में सांसद को पिछले साल समन जारी किया था।
ईडी ने एक बयान में कहा, ‘इन छापेमारी में केडी सिंह के दिल्ली स्थित आवास से घुमा-फिरा कर किए लेनेदेन से संबंधित कई दस्तावेज, डिजिटल सबूत और संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए गए। इनके साथ ही 32 लाख रुपये नकद तथा 10 हजार अमेरिकी डॉलर भी जब्त किए गए।’
बयान में कहा गया कि सांसद सिंह का आधिकारिक आवास यहां लुटियंस क्षेत्र में तुगलक लेन में स्थित है। ईडी ने यह कार्रवाई ऐसे समय की है जब तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली में ही हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात भी कर चुकी हैं।
ईडी ने कहा कि उसने सांसद के चंडीगढ़ स्थित आवास तथा उनकी कंपनियों से जुड़े दो निदेशकों के घर की भी तलाशी ली। ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के दो मामलों में सिंह, उनसे जुड़ी कंपनियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ जांच कर रही है। पहला मामला कोलकाता पुलिस की प्राथमिकी पर तथा दूसरा मामला बाजार नियामक सेबी के आरोपपत्र पर आधारित है।