प्रवर्तन निदेशालय ने 2016 के बिहार टॉपर स्कैम मामले में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ईडी ने बताया कि बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और 4 प्रिंसिपलों के खिलाफ केस रजिस्टर किया गया है। ईडी ने यह केस पैसे के अवैध लेन देन के मामले में दर्ज किया है।
निदेशालय केस की जांच के लिए जल्द ही एसआईटी का गठन करेगा, जो कि सभी तथ्यों को खंगालने का काम करेगी। बता दें कि मामला बिहार के पिछले बोर्ड रिजल्ट का है, जिसमें विष्णु रॉय कालेज की छात्रा रूबी राय ने टॉप किया था। बाद में इंटरव्यू के दौरान वह कई सामान्य से सवालों का जवाब देने में असमर्थ रही थी।
जिसके बाद बोर्ड सवालों के घेरे में आ गया था। राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए स्पेशल जांच दल का गठन किया था। बोर्ड ने टॉपर के लिए दोबार परीक्षा करवाई थी, जिसमें रूबी राय फेल हो गई थी। बोर्ड ने रूबी का पहला परिणाम निरस्त कर दिया था।
मामले में बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन लालकेश्वर प्रसाद सिंह, उनकी पत्नी जेडयू एमएलए उषा सिंहा और विष्णु राय कॉलेज के प्रिंसिपल समेत कुल 21 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई और बाद में उनकी गिरफ्तारी भी हुई। ईडी जल्द ही इस मामले में जांच शुरू करेगी।