प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोलकाता की एक कंपनी की 107 करोड़ की संपत्ति को अटैच की है। जांच एजेंसी ने मंगलवार को बताया, फेयर डील सप्लायर्स के निदेशकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोयंबटूर में जमीन व बिल्डिंग, अहमदाबाद में एक ऑफिस बिल्डिंग, एक फार्म हाउस, एक बंगला और सात एफडी अटैच की गई हैं। इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब 107.73 करोड़ रुपये आंकी गई है।
ईडी के मुताबिक, कंपनी के निदेशक राम प्रसाद अग्रवाल, नारायण प्रसाद अग्रवाल, पवन कुमार अग्रवाल, सौरभ झुनझुनवाला व अन्य के खिलाफ कोलकाता में यूको बैंक की कॉरपोरेट शाखा से धोखाधड़ी के मामले सीबीआई ने चार्जशीट दायर की थी। इसके आधार पर सभी के खिलाफ ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज किया था।
जांच में पता चला कि फेयर डील सप्लाई लिमिटेड और इसके निदेशकों ने फर्जी स्टॉक स्टेटमेंट के आधार पर यूको बैंक से विभिन्न कर्ज सुविधाएं व फॉरेन लेटर्स ऑफ क्रेडिट (एफएलसी) प्राप्त किए। इससे मिली रकम का दूसरे कार्यों में इस्तेमाल किया गया, इससे बैंक को करीब 231.95 करोड़ का नुकसान हुआ। मामले की जांच जारी है।