ECI: निर्वाचन आयोग ने दक्षिण 24 परगना के मगराहाट में मतदाता सूची पर्यवेक्षक सी मुरुगन के साथ बदसलूकी के मामले में पश्चिम बंगाल के डीजीपी से छह जनवरी तक कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। घटना 29 दिसंबर को हुई थी, जब मुरुगन मतदाता सूची पुनरीक्षण केंद्रों का दौरा कर रहे थे और उनके वाहन को कुछ लोगों ने घेर लिया और दरवाजे का हैंडल तोड़ दिया।
निर्वाचन आयोग (ईसी) ने दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट में मतदाता सूची पर्यवेक्षक सी मुरुगन के साथ बदसलूकी के मामले में पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा चूक से जुड़े इस मामले में 6 जनवरी को शाम 5 बजे तक रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
विज्ञापन
आयोग ने डीजीपी को लिखे पत्र में 29 दिसंबर की घटना का जिक्र किया है जब विशेष मतदाता सूची पर्यवेक्षक और आईएएस अधिकारी मुरुगन के साथ बदसलूकी की गई। मुरुगन मगराहाट में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) केंद्रों का दौरा कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उनका वाहन घेर लिया। यही नहीं, ड्राइवर की तरफ वाले दरवाजे का हैंडल भी तोड़ दिया।
ईसी के मुताबिक, मुरुगन के दौरे की पूर्व सूचना स्थानीय प्रशासन को होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। आयोग ने इसे गंभीर लापरवाही माना और सुरक्षा में चूक के लिए उत्तरदायी अधिकारियों पर कार्रवाई की जानकारी मांगी। साथ ही निर्देश दिया है कि अब जब भी कोई पर्यवेक्षक इस तरह जमीनी जानकारी जुटाने के लिए जाएगा तो उनके साथ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पर्याप्त सुरक्षा बल होना अनिवार्य है।