विधानसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के लिए साप्ताहिक कैश निकासी सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक और चुनाव आयोग के बीच ठन गई है। आयोग ने उम्मीदवारों के लिए साप्ताहिक कैश निकासी की सीमा बढ़ाने की मांग की थी जिसे आरबीआई ने खारिज कर दिया। आरबीआई के इस रुख पर आयोग ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
आयोग ने बुधवार को आरबीआई से आग्रह किया था कि विधानसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के लिए साप्ताहिक कैश निकासी सीमा 24 हजार से बढ़ा कर 2 लाख रुपये कर दी जाए ताकि उन्हें प्रचार अभियान के दौरान खर्च करने में दिक्कत न हो। लेकिन आरबीआई ने कहा था कि इस समय वह ऐसा करने की स्थिति में नहीं है।
आरबीआई के इस रुख से नाराज आयोग ने सीधे गवर्नर उर्जित पटेल को चिट्ठी लिखी है और कहा है कि जिस तरह से इस मुद्दे को सरसरी ढंग निपटाया गया वह गंभीर चिंता का विषय है। ऐसा लगता है आरबीआई ने इस स्थिति की गंभीरता को नहीं समझा है।