करीब दो साल पहले एलडीएफ के पूर्व संयोजक ई पी जयराजन ने बड़े-बड़े दावे किए थे। उन्होंने कहा था कि वह कभी इंडिगो से यात्रा नहीं करेंगे, लेकिन अब दो साल बाद जयराजन ने गुरुवार रात इससे यात्रा की। उन्होंने करीपुर हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
यह है मामला
इंडिगो ने जुलाई 2022 में हाथापाई करने के मामले में जयराजन पर तीन हफ्तों के लिए उनके विमान में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। उसी विमान में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन भी सवार थे। इस बीच, जयराजन ने एलान कर दिया था कि वह और उनका परिवार कभी भी इंडिगो कंपनी के विमानों में यात्रा नहीं करेगा।
अब दो साल बाद इसलिए की यात्रा
अब दो साल बाद कम लागत वाली एयरलाइन से यात्रा करने की पुष्टि करते हुए माकपा नेता जयराजन ने कहा कि पार्टी के दिवंगत महासचिव सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि देने के लिए दिल्ली पहुंचना था, इसलिए इंडिगो का विकल्प चुना। उन्होंने कहा कि येचुरी हर चीज से बड़े हैं। दो साल पहले एयरलाइन के बारे में जो भी कहा था, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण दिल्ली पहुंचना था।
यह है पूरा विवाद
गौरतलब है कि 13 जून 2022 में इंडिगो के एक विमान ने कन्नूर से उड़ान भरी थी, जिसमें विजयन भी सवार थे। विमान में कांग्रेस के दो युवा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की थी। विमान के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर उतरते ही, विमान में सवार केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) के संयोजक ई. पी. जयराजन ने कथित तौर पर दो प्रदर्शनकारियों को धक्का दे दिया था।
इसके बाद, एयरलाइन ने माकपा नेता जयराजन पर तीन हफ्ते और युवा कार्यकर्ताओं पर दो हफ्ते के लिए विमान में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
'मैं पैदल चला जाऊंगा'
गुस्साए जयराजन ने कहा था, 'न तो मैं और न ही मेरा परिवार आगे से कभी भी इंडिगो से यात्रा करेगा। जरूरत पड़ी तो मैं अपने गंतव्य तक पैदल जाऊंगा, लेकिन उनके (इंडिगो) विमानों से यात्रा नहीं करूंगा।' उन्होंने यह भी कहा था कि देश में अन्य विमानन कंपनियां हैं जो अधिक प्रतिष्ठित और बेहतर सेवा मुहैया कराती हैं।