देश में बारिश का कहर इस कदर जारी है कि आधा हिंदुस्तान पानी में डूबा हुआ लग रहा है। बारिश ने दिल्ली-एनसीआर का बुरा हाल किया हुआ है, जहां सड़कों पर पानी भर जाने की वजह से गाड़ियों की रफ्तार थम गई है और लंबा जाम लगा हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के कई सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भर गया है, जिस कारण इस कई वाहन दुर्घटनाग्रत हो गए हैं।
गौरतलब है कि देश के कई इलाकों में बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिस वजह से पूरे देश में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड, गोवा, महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी अलर्ट जारी किया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के डोडा में बुधवार रात बादल फटने के बाद एक बड़ा हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार डोडा के ठठरी इलाके में देर रात गांव फटने के बाद कई लोग लापता हो गए। इस हादसे में अब तक दो लोगों के मारे जाने की सूचना है।
इस घटना के बाद प्रशासन द्वारा लोगों को रेस्क्यू करने का काम शुरू कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार सेना, सीआरपीएफ समेत स्थानीय प्रशासन की ओर से डीसी, एसएसपी और कई अधिकारी मौके पर मौजूद है।
गौरतलब है कि देश के आधे से ज्यादा हिस्से भयानक बाढ़ का कहर झेल रहे हैं और हालात कुछ ऐसे है कि अब तक 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। चौंका देने वाली बात है कि अकेले असम में बाढ़ की वजह से करीब 53 लोगों की मौत हो चुकी है।
राजस्थान का हाल भी कुछ ऐसा ही है, जहां नदियों और नालों का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार में भी नदियां अपने स्तर से कहीं ज्यादा बढ़ चुकी है। सूत्रों के मुताबिक यहां पानी के गड्ढे में डूबने से 5 बच्चों की मौत हो गई है।
देश के पूर्वोत्तर में भी बाढ़ का आतंक थम नहीं रहा है। अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भी बाढ़ व भारी बारिश के चलते जगह-जगह जमीन धंसने की घटनाएं हुई हैं। बीते 11 जुलाई को हुए भूस्खलन में अरुणाचल प्रदेश के पापुमपारे जिले के लापटाप गांव में कई घर बह गए थे जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई थी। काजीरंगा नेशनल पार्क में भी पानी भर गया है जिससे एक सींग वाले तीन गैंडों समेत पचास से ज्यादा जानवरों की मौत हो चुकी है।