डीटीसी की बसों में कांट्रैक्ट पर काम कर रहे ड्राइवरों ने रक्षाबंधन के दिन सामूहिक अवकाश पर जाने की बात कही है। वहीं ड्राइवरों की बात से बेफिक्र डीटीसी ने कहा है कि हर बार की तरह इस साल भी रक्षाबंधन के दिन महिलाएं डीटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। एक विज्ञप्ति जारी कर डीटीसी ने कहा है कि रक्षाबंधन के दिन (26 अगस्त) रविवार को महिलाएं सुबह 8 बजे से रात के दस बजे तक मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी।
डीटीसी ने अपने ड्राइवरों से 23 अगस्त से लेकर आगामी 31 अगस्त तक छुट्टी पर न जाने को कहा है। विभाग त्योहार की प्रमुखता को देखते हुए अपनी तरफ से लोगों को बेहतर सेवा देने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ड्राइवरों ने रक्षाबंधन के दिन सामूहिक अवकाश पर जाने की बात कही है।
दरअसल, दिल्ली सरकार ने न्यूनतम वेतनमान देने के लिए एक नोटीफिकेशन जारी किया था। इसके बाद ड्राइवरों की तनख्वाह बारह हजार से बढ़कर अठारह हजार तक हो गई थी। लेकिन कुछ दिनों के बाद इससे जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार के न्यूनतम वेतन के नोटीफिकेशन को रद्द करार दे दिया। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार को इस तरह का नोटीफिकेशन जारी करने का अधिकार नहीं है।
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद कुछ क्लस्टर बस चलाने वाली कंपनियों ने अपने ड्राइवरों को नए की बजाय पुराने वेतनमान पर वेतन देना शुरु कर दिया। इससे हर ड्राइवर के वेतन में छ: हजार या अधिक की कमी हो गई। इससे नाराज ड्राइवरों ने बसें चलाने से इनकार कर दिया था। उसी क्रम में अब ड्राइवरों ने रक्षाबंधन के दिन सामूहिक अवकाश पर जाने की बात कही है।