राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआईपी) की पुणे इकाई ने उच्च मूल्य के 19 विदेशी पक्षियों को बरामद किया है। इन पक्षियों की तस्करी बिक्री के लिए की गई थी। इन पक्षियों में अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका मूल के पक्षी भी शामिल हैं। पक्षियों को वडगांव निवासी डोमिनिक सेक्विला के परिसर से जब्त किया गया है।
डीआरआईपी के अधिकारी ने बताया कि ये कार्रवाई सोमवार को पुणे के सीमा शुल्क आयुक्तों की सहायता से की गई। निरीक्षण करने पर पता चला कि 15 पक्षी अगापोरनिस प्रजाति के हैं। अफ्रीकी मूल के इन पक्षियों को लव बर्डस भी कहा जाता है। इसके अलावा एक पक्षी सन प्रकीत प्रजाति का है। दो बड़े बिल्लड तोते फिलीपींस मूल के हैं। साथ ही एक बड़ा काकातुआ इंडोनेशिया मूल का भी है।
अधिकारी का कहना है कि डीआरआईपी वन्यजीव तस्करी के अलावा सीमापार के कई मामलों को भी देखता है। इन पक्षियों की तस्करी भी भारत में की गई थी। सभी जब्त किए गए पक्षियों और जानवरों को पुणे के राजीव गांधी जूलॉजिकल पार्क को सौंप दिया गया है। इनकी कीमत काफी अधिक है क्योंकि इन्हें अवैध बाजारों में बेचा जाता है।
इन्हें भारत में अवैध मार्गों से बिना किसी मंजूरी के लाया गया था। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत जानवरों का अवैध शिकार और तस्करी करना प्रतिबंधित है।