अमेरिका के
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के मौजूदा नेतृत्व वाली
वैश्विक रियल्टी कंपनी ट्रंप टॉवर्स ने बुधवार बिक्री प्रक्रिया करने की घोषणा करने के साथ बुकिंग शुरू कर दी है। ट्रंप टॉवर्स ने इसके लिए एम3एम इंडिया और ट्रिबेका डेवलपर्स के साथ गठजोड़ किया है। इन तीनों कंपनियों ने संयुक्त रूप से मिलकर गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड स्थित अपने आवासीय परियोजना लांच की। पहले दिन 150 करोड़ रुपये की 20 फ्लैट बुकिंग हुई है।
ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के ब्रांड लाइसेंस के तहत एम3एम और ट्रिबेका कुल 250 अत्याधुनिक एवं लग्जरी फ्लैट्स का निर्माण करेंगी। इसमें पहले चरण की श्रेणी में जिन फ्लैट की बिक्री की जाएगी। वह तीन या चार बेडरूम वाले होंगे। इनकी कीमत पांच से दस करोड़ रुपए के बीच होगी। इनका आकार 3500 वर्गफुट से 6000 वर्गफुट के बीच होगा। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि भारत में ट्रंप टॉवर्स की यह चौथी परियोजना है।
पढ़ें- ट्रंप का गुस्सा पड़ा ठंडा, पाक को झूठा और धोखेबाज कहने के बाद मांगी ये मदद
इससे पहले कंपनी पुणे, मुंबई और कोलकाता में अपनी परियोजनाएं पेश कर चुकी है। एम3एम इंडिया के निदेशक पंकज बंसल ने कहा कि उत्तर भारत में सबसे अधिक लग्जरी होम ‘ट्रंप टॉवर्स’ है। कंपनी ने एक विशेष ऑफर भी पेश किया है। इसके तहत पहले 100 ग्राहकों को कंपनी अमेरिका की यात्रा का मौका देगी, जहां डोनाल्ड ट्रंप जूनियर उनका स्वागत करेंगे।
टॉवर्स का निर्माण कार्य मार्च में शुरू होगा और यह परियोजना पांच साल में पूरी होगी। प्रत्येक टॉवर 50 मंजिल का होगा। प्रत्येक घर खरीदार को प्राइवेट लिफ्ट की सुविधा दी जाएगी और प्रत्येक तीसरे तल पर 22 फुट की ऊंचाई वाला लिविंग रूम दिया जाएगा।