मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य सरकार एक निजी रोजगार एक्सचेंज बनाएगी, जिससे निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना की रूपरेखा एक महीने के भीतर तैयार कर ली जाएगी। सरकार का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को सही जानकारी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार बढ़ाना उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।
डीके शिवकुमार ने कहा कि सरकार किसानों के पलायन को रोकने के लिए भी बड़े फैसले लेगी। उन्होंने माना कि रोजगार और खेती की दिक्कतों के कारण गांवों से लगातार पलायन हो रहा है। सरकार अब ऐसी योजनाएं लाएगी जिससे किसान गांव में रहकर बेहतर जीवन जी सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
क्या भारत जोड़ो युवा संघ बनेगा सरकार का नया मॉडल?मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य की हर ग्राम पंचायत में ‘भारत जोड़ो युवा संघ’ को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे कर्नाटक में 10 हजार भारत जोड़ो युवा संघ बनाए जाएंगे। इनका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ाना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के चारों स्तंभों को मिलकर काम करना चाहिए और सरकार समाज में एकता और विश्वास बढ़ाने के लिए काम करेगी।
डीके शिवकुमार ने कहा कि उनकी सरकार सिर्फ राजनीतिक फैसले नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए भी काम करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, किसान और युवाओं को केंद्र में रखकर सरकार आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में राज्य के लिए और भी कई बड़े फैसले लिए जाएंगे।
शपथ लेने के कुछ घंटों बाद राज्य सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल भी किए हैं। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुषार गिरी नाथ को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें शहरी विकास विभाग के एसीएस का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं राजेंद्र चोलन पी को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें कर्नाटक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक भी नियुक्त किया गया। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अतीक एलके को मुख्यमंत्री का वित्तीय सलाहकार बनाया गया है।
| नाम | नई जिम्मेदारी |
|---|---|
| तुषार गिरी नाथ | मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) |
| तुषार गिरी नाथ | शहरी विकास विभाग के एसीएस का अतिरिक्त प्रभार |
| राजेंद्र चोलन पी | मुख्यमंत्री के सचिव |
| राजेंद्रे चोलन | कर्नाटक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक |
| अतीक एलके | मुख्यमंत्री के वित्तीय सलाहकार |
| अतीक एलके | बंगलूरू बिजनेस कॉरिडोर के चेयरमैन पद पर भी बने रहेंगे |