अमेरिका के विरोध के बावजूद रूस से करीब 5 अरब डॉलर के एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली के सौदे पर आज भारत और रूस के बीच सहमति पर मुहर लग जाएगी। दरअसल, इस मिसाइल प्रणाली को अमेरिका के सबसे उन्नत थाड मिसाइल प्रणाली के टक्कर का माना जाता है और भारत के रूस के साथ इस सौदे पर अमेरिका के बौखलाने की ये एक बड़ी वजह है। आइए जानते हैं आखिर अमेरिका की थाड मिसाइल प्रणाली और रूस के एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली में क्या अंतर है और क्या 'एस-400' थाड से बेहतर है?
क्या है थाड मिसाइल प्रणाली
थाड यानी टर्मिनल हाई अल्टीट्यूड एरिया डिफेंस, एक अमेरिकन एंटी बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम है जिसे कम, मध्यम और मध्यवर्ती रेंज वाली बैलिस्टिक मिसाइलों को उनकी लांचिंग स्टेज में ही नष्ट करने के लिए बनाया गया है। अमेरिका ने इस मिसाइल प्रणाली को दक्षिण कोरिया में तैनात किया हुआ है।
थाड की खूबियां
इस मिसाइल प्रणाली की खासियत है कि यह आसपास के 200 मीटर के दायरे में उड़ने वाली किसी भी मिसाइल को उड़ते ही गिराने में तकनीक रूप से सक्षम है।
इस मिसाइल प्रणाली में एक बेहद ही मजबूत रडार लगा है, जो आसपास की मिसाइलों को उनकी लांचिग स्टेज में ही पकड़ लेता है और उस टारगेट को शुरूआत में ही खत्म कर देता है।
इसमें लगा रडार 600 से 900 किलोमीटर की दूरी तक मिसाइलों और विमानों पर नजर रख सकता है। इस रडार की सबसे बड़ी खासियत है कि यह तकनीकी दृष्टि से इतना सक्षम है कि उसे इस तरह से सेट किया जा सकता है कि वह 2000 किलोमीटर की दूरी पर भी निगरानी करे।
यह मिसाइल सिस्टम लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तक और 150 किलोमीटर की ऊंचाई तक किसी भी टारगेट को पलक झपकते ही खत्म कर सकता है।
थाड तकनीक से एक बार में आठ एंटी मिसाइलें दागी जा सकती हैं।