नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अलायंस एयर के दो विमान चालकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। 12 मार्च को दिल्ली से मध्य प्रदेश के जबलपुर आई अलायंस एयर की फ्लाइट लैंडिंग के तुरंत बाद अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर चली गई थी। इसी मामले में डीजीसीए ने यह कार्रवाई की है।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को अलायंस एयर के दो विमान चालकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। 12 मार्च को जबलपुर में हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान रनवे से आगे निकल जाने के मामले में डीजीसीए ने यह कार्रवाई की है।
विज्ञापन
डीजीसीए ने कहा कि उसकी जांच में पाया गया कि जबलपुर हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान लंबी अवधि तक हवा में रहा और लक्ष्य बिंदु (नीचे उतरने के बिंदू) से लगभग 900 मीटर आगे उतरा।
नियामक ने कहा, ‘‘उतरने से पहले लंबी अवधि तक हवा में रहने के बावजूद उतरने के पीएफ (विमान चला रहे पायलट) के निर्णय के परिणामस्वरूप विमान रनवे से आगे चला गया। पीएनएफ (विमान नहीं चला रहे पायलट) ने लंबे समय तक हवा में रहने के बावजूद ‘गो-अराउंड’ के लिए नहीं कहा।’’ ‘गो अराउंड’ के लिए तब कहा जाता है, जब विमान चालक को लगता है कि उतरने से पहले विमान स्थिर नहीं है।
विज्ञापन
डीजीसीए ने कहा कि चालक दल की लापरवाही की वजह से यात्रियों की जान खतरे में आ गई थी। उन्होंने विमान नियम 1937 और नागरिक उड्डयन अनिवार्यता (सीएआर) का उल्लंघन किया है।
12 मार्च की है घटना
यह हादसा 12 मार्च को दिल्ली से मध्य प्रदेश के जबलपुर आई अलायंस एयर की फ्लाइट संख्या E-9167 के साथ हुआ। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर चला गया। विमान में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। राहत की बात है कि कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
फ्लाइट रनवे से उतरकर एयर स्ट्रिप के किनारे पड़े मुरम में धंस गई। इससे विमान के अगले हिस्से में लगे लैंडिंग फ्रंट व्हील बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। खबर पाकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी रनवे पर पहुंचे और विमान में सवार यात्रियों को ढांढस बंधाया। दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट को ATR-72 विमान से संचालित होती है। फ्लाइट ने दिल्ली में सुबह 11:30 बजे उड़ान भरी थी और जबलपुर में उसने 1:15 बजे लैंडिंग की।