महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर प्याज के निर्यात पर लगी रोक को हटाने की मांग की है। भाजपा नेता ने प्याज के निर्यात पर रोक लगने से किसानों को होने वाले नुकसान का हवाला दिया है।
फडणवीस ने इस पत्र में लिखा कि महाराष्ट्र के प्याज की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मांग होती है। महाराष्ट्र के किसानों को इससे उचित दाम भी मिलता है। निर्यात पर रोक लगाए जाने से किसान काफी आहत और दुखी हैं। फडणवीस ने इस संबंध में गोयल से फोन पर भी बात की थी।
बता दें कि केंद्र सरकार ने 14 सितंबर को प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी। सरकार ने यह फैसला देश में प्याज की उपलब्धता को बढ़ाने के लिए और घरेलू बाजार में इसकी लगातार बढ़ती कीमत को नियंत्रित करने के लिए लिया है।
इस फैसले को लेकर राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार के मंत्री केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रामक हो गए हैं। वहीं, प्याज उत्पादक किसान भी सड़क पर उतर आए हैं। प्रदेश के मंत्रियों ने केंद्र से प्याज निर्यात पर प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने भी मंगलवार को पीयूष गोयल से मुलाकात कर प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। पवार ने कहा था कि सरकार के इस कदम से पाकिस्तान जैसे देशों को फायदा होगा।