फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'दो बार हारे उम्मीदवार..': कांग्रेस में किसी ने साधा मिलिंद देवड़ा पर निशाना, किसी ने उड़ाया मजाक, पढ़ें बयान

Sun, 14 Jan 2024 01:43 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

शिवसेना के अरविंद सावंत, जो अब ठाकरे गुट के साथ हैं, ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में देवड़ा को हराया था। इसी को लेकर कांग्रेस ने उनका मजाक उड़ाया है। 
विज्ञापन
कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़, मिलिंद देवड़ा और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले।(बाएं से दाएं) - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राहुल गांधी के करीबी दोस्त माने जाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। इसके साथ ही सबसे पुरानी पार्टी के साथ उनके परिवार का 55 साल का रिश्ता खत्म हो गया। देवड़ा के फैसले से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। ऐसे में, पार्टी के कुछ नेता उन्हें अपने फैसले पर फिर से विचार करने की सलाह दे रहे हैं, तो वहीं कुछ उनपर जमकर हमला बोल रहे। 

विज्ञापन


मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने उस दिन पार्टी छोड़ने का फैसला लिया, जिस दिन राहुल गांधी के नेतृत्व वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' हिंसाग्रस्त मणिपुर से शुरू हो रही है। गायकवाड़ ने कहा कि देवड़ा को अपने फैसले पर एक बार फिर से विचार करना चाहिए। 

वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने देवड़ा के इस्तीफे को भारत जोड़ो न्याय यात्रा से ध्यान हटाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की एक चाल बताया। साथ ही उन्होंने देवड़ा का 'दो बार हारा उम्मीदवार' कहकर मजाक उड़ाया। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि देवड़ा दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे।
विज्ञापन




कांग्रेस हमेशा उनके साथ खड़ी रही
गायकवाड़ ने एक वीडियो जारी कर दक्षिण मुंबई के पूर्व सांसद से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवड़ा का परिवार और कांग्रेस परिवार एक है। उन्होंने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देवड़ा ने उस दिन पद छोड़ने का फैसला किया जब मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हो रही है। मैं उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करती हूं। कांग्रेस हमेशा उनके साथ खड़ी रही है।'

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी इससे बेहद दुखी है। उन्हें यह समझाने के लिए कि हम परिवार हैं और हमें एक साथ रहना है। इसके लिए एआईसीसी प्रभारी और मैंने मिलिंद देवड़ा के साथ बातचीत करने की कोशिश की।'

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य अशोक चव्हाण ने कहा कि देवड़ा दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्हें कोई और मौका मिल सकता था, लेकिन पद छोड़ना उनका फैसला है।

यात्रा से ध्यान भटकाने के लिए...
शिवसेना के अरविंद सावंत, जो अब ठाकरे गुट के साथ हैं, ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में देवड़ा को हराया था। इस पर नाना पटोले ने कहा कि भाजपा भारत जोड़ो न्याय यात्रा से डरी हुई है। इसलिए वह अफवाह फैला रही है कि कांग्रेस टूट जाएगी। अब भाजपा और उसके सहयोगी यात्रा से ध्यान भटकाने के लिए दो बार हारे हुए उम्मीदवार को अपने साथ ले जा रहे हैं। यह प्रयास सफल नहीं होगा। 

पटोले ने कहा कि यात्रा का समापन मुंबई में होगा और यह एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना, भाजपा और एनसीपी के अजित पवार गुट वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का अंत होगा।

देवड़ा का नुकसान है
सांसद गौरव गोगोई ने कहा, 'हम मणिपुर आए हैं। यहां के लोगों ने हमारा स्वागत किया है क्योंकि केवल कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मणिपुर के मुद्दों के बारे में बात करते हैं। इस समय अगर देवड़ा जी नहीं हैं तो यह उनका नुकसान है। इस यात्रा का खुलेआम मणिपुर के लोग स्वागत कर रहे हैं।'

आज से लेकर मार्च तक चलेगी यात्रा 
गौरतलब है,  भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर के थोबल से शुरू होकर महाराष्ट्र के मुंबई में मार्च महीने में समाप्त होनी है। इस दौरान यह देश के विभिन्न 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहले मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होनी थी, लेकिन राज्य सरकार से अनुमति ना मिलने के बाद अब यह थौबुल से शुरू हो रही है। 

67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 
लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी। उनकी 136 दिन की इस पदयात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें