हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव निबटते ही दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। भाजपा ने इस चुनाव के लिए हाइटेक तैयारी की है। पार्टी ने प्रदेश कार्यालय पर एक विशेष कक्ष का निर्माण कराया है जहां से पूरे चुनाव पर नजर रखी जाएगी। इस कक्ष में सभी 70 विधानसभाओं के लिए जरूरी निर्देश भी जारी किए जाएंगे और उनके कार्यान्वयन की रिपोर्ट भी ली जाएगी।
मीडिया ब्रीफिंग के लिए शीर्ष नेताओं के लिए विशेष केबिन भी बनाए गए हैं। सभी केंद्रों से लाइव फीडबैक के लिए चालीस सदस्यों की एक टीम दिनरात काम करेगी जो बूथ स्तर तक सूचनाएं देने और लेने के लिए काम करेगी। बुधवार को इस कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा दिल्ली के महामंत्री राजेश भाटिया के मुताबिक 21 सालों के बाद सत्ता में वापसी के लिए पार्टी ने पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी ने केंद्रीय नेतृत्व की योजनाओं को जनता के सामने रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही पार्टी अरविंद केजरीवाल सरकार की उन नाकामियों को भी जनता के सामने रखेगी जिसपर वह खरी नहीं उतर पाई है।
फेसबुक-व्हाट्सएप बनेगा हथियार
भाजपा चुनावों में सोशल मीडिया के बेहतर इंतजाम के लिए जानी जाती है। इस चुनाव में भी उसका यह कौशल देखने को मिलेगा। पार्टी ने अभी से प्रदेश के केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक व्हाट्सएप पर टीम तैयार कर ली है। एजेंडे के हिसाब से केंद्र से कुछ मुद्दे प्रतिदिन के हिसाब से तय किए जाएंगे। केंद्र के बाद यह संदेश जिलों में और वहां से बूथ स्तर पर पहुंचेगा।
प्रत्येक बूथ पर पांच व्हाट्सएप कार्यकर्ता बनाए गए हैं। हर बूथ कार्यकर्ता को निर्देश है कि वह अपने साथ बूथ के लगभग 200 व्यक्ति को जोड़े। इस तरह पार्टी अपने संदेश को दिल्ली के हर परिवार तक पहुंचाने की तैयारी कर चुकी है। इसके अलावा नेता फेसबुक और ट्विटर के जरिए लोगों से लाइव जुड़ेंगे और उनके फीडबैक के आधार पर अपनी योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे।