कभी कभी ऊंचाई में जाकर अपने आसपास के दृश्यों को देखने का मजा कुछ और ही होता है। लेकिन यह मजा कब सजा में बदल जाए कहना मुश्किल है। एक ऐसी ही घटना गुजरात से सटे दमन के जामपोर बीच में पैरा सेलिंग करने के दौरान घटी है। दरअसलय यहां तीन लोग करीब 100 फीट की ऊंचाई पर पैरासेलिंग कर रहे थे लेकिन अचानक पैराशूट की रस्सी एक तरफ से निकलने की वजह से उसका बैलेंस बिगड़ गया और वे तीनों अचानक जमीन पर आ गिरे। तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। करीब 30 सेकेंड के दिल को थामने वाले वीडियो फुटेज में तीनों हवा में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं और पैराशूट हवा में एक मोड़ लेता है जिसके बाद तीनों जमीन पर गिर जाते हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन तीनों को गंभीर चोटें आई हैं।
पैरासेलिंग क्या है?
पैरासेलिंग एक मनोरंजक गतिविधि है, जिसमें एक खुले पैराशूट से जुड़ी रस्सी को खींचने के लिए एक मोटरबोट का उपयोग किया जाता है। जैसे ही मोटरबोट चलने लगती है, वह पैराशूट को बहुत तेजी से खींचती है ताकि वह हवा में काफी ऊंचाई तक जा सके।
नवंबर 2021 में, दीव से भी इसी तरह की घटना सामने आई थी
गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2021 में, दीव से भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां के नगवा बीच पर पैरासेलिंग के दौरान एक दंपती समुद्र में काफी ऊंचाई से गिर गया था। गिरने के पीछे की वजह पैराशूट की रस्सी का अचानक टूटना था। दोनों ने लाइफ जैकेट पहन रखा था इसलिए उनकी जान बच गई।