रतन टाटा और साइरस मिस्त्री के बीच जुबानी जंग की आंच अब टाटा सन्स के निदेशकों को भी झुलसाने लगी है। कंपनी के बर्खास्त चेयरमैन साइरस मिस्त्री ने निदेशक विजय सिंह पर अगस्तावेस्टलैंड घोटाले में शामिल होने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मिस्त्री ने कहा है कि रक्षा सचिव रहे सिंह की 3600 करोड़ रुपये के वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे को अंजाम देने में अहम भूमिका रही है।
मिस्त्री के दफ्तर से जारी एक बयान में कहा गया है कि रक्षा सचिव के तौर पर 2010 में वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदा अगस्तावेस्टलैंड को दिलाने में विजय सिंह ने बड़ी भूमिका निभाई थी।
1 जनवरी, 2014 को भारत ने फिनमेकनिका की सब्सीडियरी कंपनी अगस्तावेस्टलैंड के साथ वीवीआई पी हेलीकॉप्टर सौदे को रद्द कर दिया था। इसमें सौदे से जुड़े कांट्रेक्ट का उल्लंघन और 423 करोड़ रुपये की रिश्वतखोरी का आरोप लगाया गया था।
मिस्त्री ने विजय सिंह को अपनी बर्खास्तगी के सिलसिले में भी कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि सिंह टाटा सन्स से उन्हें हटाने में रतन टाटा की साजिश में अपनी भूमिका से इनकार करने के लिए कहानियां गढ़ रहे हैं। विजय सिंह टाटा सन्स के नॉमिनेशन औैर रेम्यूनरेशन कमेटी के सदस्य थे और उन्होंने 28 जून 2016 को मिस्त्री प्रदर्शन की जबरदस्त तारीफ की थी।
सिंह ने आरोपों का खंडन किया
पूर्व रक्षा सचिव विजय सिंह ने अगस्तावेस्टलैंड मामले में मिस्त्री की ओर से लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि वह 2007 से 2009 के बीच रक्षा सचिव थे जबकि सीबीआई जिस वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले की जांच कर रही है वह 2004-05 से जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि मेरे रिटायर होने के बाद कैबिनेट ने वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे को मंजूरी दी थी। गौरतलब है कि साइरस मिस्त्री ने सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा है कि 3600 करोड़ रुपये के विवादास्पद अगस्तावेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले में उनकी अहम भूमिका रही है।