फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इन राज्यों पर फैनी का असर, छह लोगों की मौत, रेल और सड़क यातायात बाधित

Fri, 03 May 2019 01:06 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
चक्रवात फैनी से प्रभावित लोग - फोटो : PTI
विज्ञापन

चक्रवाती तूफान फैनी ने ओडिशा के पुरी में दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे यह तूफान पुरी तट से टकराया। तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। भुवनेश्वर में हवाओं की वजह से पेड़ जड़ सहित उखड़ गए हैं। वहीं इसके कारण कोलकाता हवाई अड्डे पर दोपहर तीन बजे से रात के आठ बचे तक विमानों का परिचालन बंद रहेगा। इसकी वजह से सबसे ज्यादा तीन राज्य ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल प्रभावित रहेंगे। वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश में भी इसका असर देखने को मिलेगा।   

ओडिशा

तटीय ओडिशा में चक्रवात फैनी की वजह से बारिश और तेज हवाएं चलने के बीच करीब 12 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। साथ ही लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। ओडिशा के 11 तटीय जिलों के निचले और संवेदनशील इलाकों से करीब 11 लाख लोगों को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है। इन लोगों को 4,000 शिविरों में ठहराया गया है जिनमें से विशेष रूप से चक्रवात के लिए बनाए गए 880 केंद्र शामिल हैं। यहां रेल, सड़क और हवाई यातायात को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

विज्ञापन


ईस्ट कोस्ट रेलवे ने अब तक 103 ट्रेनों को रद्द किया है। पर्यटकों को निकालने के लिए पुरी से हावड़ा और शालीमार के बीच तीन विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की 15 मई तक छुट्टी रद्द कर दी गई हैं और जो लोग छुट्टी पर थे, उन्हें वापस बुला लिया गया है।

पश्चिम बंगाल

अगले 12 घंटे में चक्रवाती तूफान फैनी पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में पहुंच जाएगा। तब इसकी हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब हो जाएगी। तूफान के कारण कई स्थानों पर भारी बारिश होगी। राज्य के आठ जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई।

कोलकाता स्थित मौसम विभाग कार्यालय ने फैनी के मद्देनजर पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, झारग्राम, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और कोलकाता में हाई अलर्ट घोषित किया है। बंगाल के दीघा में तैनात एनडीआरएफ की टीम ने दत्तापुर और ताजपुर से 52 बच्चों सहित कुल 132 लोगों को बाहर निकाला है। इन सभी को राहत शिविर भेज दिया गया है। तूफान के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दो दिनों तक अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

आंध्र प्रदेश

फैनी फिलहाल आंध्र प्रदेश से दूर चला गया है। श्रीकाकुलम जिले के इच्छापुरम शहर में लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है। जिले में आज आई हवा और बारिश के कारण कुछ घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 12 घंटों के लिए श्रीकाकुलम में सिस्टम प्रभावित रहेगा।

श्रीकाकुलम के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की भी आशंका जताई गई है। तेज हवा और भारी बारिश से प्रभावित जिले के कोट्टूरु मंडल में एनडीआरएफ की टीम ने राहत अभियान किया। 
 

मध्यप्रदेश

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र नायक ने बताया कि फैनी की वजह से 48 घंटों के अंदर होशंगाबाद, बैतूल, छिंदवाड़ा, रायसेन, नरसिंहपुर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह, सतना, रीवा, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में आंधी, बारिश और ओले होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश

गुरुवार देर शाम को फैनी तूफान का चंदौली में असर दिखाई दिया। यहां शाम छह से सात बजे के बीच आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। यहां बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए हैं। 

पूर्वांचल में जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर जाने से यातायात अवरुद्ध हो गया। ट्रांसफार्मर बिजली के तार टूट कर जमीन पर आ गिरे जिससे दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। वहीं सोनभद्र में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें