मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवात असानी पिछले 6 घंटे से 16 से 26 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। चक्रवात असानी पुरी से दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा में 680 किमी व विशाखापट्टनम से दक्षिण पूर्व दिशा में 580 किमी की दूरी पर है, अगले 48 घंटे में चक्रवाती तूफान के कमजोर होने के आसार हैं। मंगलवार की शाम तक चक्रवात असानी उत्तर आंध्र प्रदेश व ओडिशा के समीप समुद्र में पहुंचेगा, हालांकि यहां से यह उत्तर पूर्व की दिशा में आगे बढ़ जाएगा।
4-5 दिनों के दौरान कुछ जिलों होगी बारिश
हैदराबाद के मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक नागा रत्न ने जानकारी दी कि असानी के प्रभाव से अगले 4-5 दिनों के दौरान कुछ जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश / गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान, तेलंगाना में बिजली की गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने और क्या बताया?
- चक्रवात के प्रभाव से 09 मई से ओडिशा एवं आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में सागर अशांत रहेगा।
- 10 मई शाम को कई राज्यों में हल्की बारिश होगी। लेकिन, ओडिशा के गजपति, गंजाम एवं पुरी जिले में भारी बारिश के आसार हैं।
- 11 मई को गंजाम, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर एवं कटक जिले में भी भारी बारिश हो सकती है।
- 12 मई को पुरी, जगतसिंहपुर, कटक, केंद्रापड़ा, भद्रक, बालेश्वर जिले में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
यूपी-बिहार में भी दिखेगा असर
चक्रवात असानी का असर बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में भी देखने को मिलेगा। यहां 11 और 12 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में चमक के साथ तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है। पूर्वी उप्र में 14 मई तक बूंदाबांदी हो सकती है।
रविवार को भी कुछ जिलों में बारिश हुई। गोरखपुर में 2.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, आजमगढ़, बलरामपुर, श्रावस्ती, बलिया समेत आसपास के पूर्वी जिलों में 14 मई तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।