ओडिशा के गजपति जिले में जादू-टोना के संदेह में बीते दिन एक समूह में आए लोगों ने शख्स की हत्या कर दी थी। अब पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ओडिशा के गजपति जिले में जादू-टोना के मामले से संबंधित हत्या के केस पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि हत्याकांड में शामिल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें, बीते 28 जुलाई को जिले के कुसुमपुर गांव में जादू-टोना के संदेह में लोगों के एक समूह ने करुणाकर दलाई नामक शख्स की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को जंगल में दफना दिया था। इस घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा हुआ है.
विज्ञापन
शख्स की हत्या के बाद मोहना थाना की पुलिस सक्रिय हो गई। जांच शुरू करके आरोपियों को पकड़ने में सफल रही। इस मामले को लेकर एसपी जतेंद्र कुमार पांडा ने जानकारी दी। यह भी बताया गया है कि करुणाकर ग्रामीणों को आयुर्वेदिक जैसी दवाएं देते थे।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि करीब 20 दिन पहले एक नाबालिग लड़के को कुत्ते ने काटा था, जिसको उपचार के लिए करुणाकर के पास ले जाया गया था। करुणाकर ने बच्चे को कुछ दवाइयां दी थी। फिर इसके कुछ दिनों के बाद उस लड़के की मौत हो गई। इस बात से नाराज लोगों ने करुणाकर को बुरी तरह पीटा। हैरान करने वाली बात यह है कि ऐसा ही एक और मामला जिले में पहले भी घट चुका था, जहां जादू-टोना करने के संदेह में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी।