दिल्ली पुलिस ने ट्विटर पर एक पोस्ट किया। इसमें लिखा, 'अपने लिए जगह बुक करें। जल्द मिलेगा कब्जा। यह ऐसा प्रस्ताव है, जिसका आप विरोध कर सकते हैं।' अब हम आपको दिल्ली पुलिस के पूरे पोस्ट का मजमून बताते हैं। इसमें लिखा है, 'कमरे खाली हैं। साझा करने लायक और अकेले व्यक्ति के लिए वन रूम सेट उपलब्ध हैं।' इसके बाद दिल्ली पुलिस ने फीचर्स भी बताएं, जिनमें खाना और बिस्तर मुफ्त मिलने की जानकारी दी गई। वहीं, बाथरूम और शौचालय आदि शेयरिंग बेसिस पर उपलब्ध होने के बारे में बताया गया। साथ ही, पूरे कैंपस में 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी होने और हथियारबंद जवानों की मौजूदगी की भी डिटेल दी गई।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि उनके द्वारा मुहैया कराए जा रहे कमरों में रहने वालों को टीवी देखने की सहूलियत मिलेगी। साथ ही, वे खेलकूद में भी हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, इसके साथ भागने और दीवार फांदने की कोशिश करने नहीं करने की सलाह भी दी गई। दिल्ली पुलिस ने लिखा कि अगर आप ऐसा करते हैं तो आप 'रिकॉर्ड' बना सकते हैं। इसके अलावा म्यूजिक रूम के अलावा अखबार और मैग्जीन की मुफ्त व्यवस्था होने की जानकारी भी दी गई है। दिल्ली पुलिस ने लोकेशन भी साझा की है, जो जेल की सलाखों के बेहद करीब बताई गई है। वहीं, सरकारी गाड़ी से मुफ्त में पिक एंड ड्रॉप के बारे में भी बताया गया है।
मनोज बाजपेयी अभिनीत फैमिली मैन का दूसरा सीजन रिलीज हुआ तो उत्तर प्रदेश पुलिस ने इसके माध्यम से लोगों को समझाने की कोशिश की। यूपी पुलिस ने एक ट्वीट किया। इसमें लिखा, 'यूपी 112, संकट की घड़ी में हर समय प्रत्येक परिवार का साथी। सदाबहार हेल्पलाइन। हर समय मदद करने वाली सच्ची रक्षक।' इसमें चेल्लम सर के फोटो को इस्तेमाल किया गया था।
साल 2018 था। उस वक्त पूरे देश किकी चैलेंज का खुमार इस कदर चढ़ा हुआ था कि रोजाना किसी न किसी शहर से हादसे की खबर आ जाती थी। ऐसे में कई शहरों की पुलिस ने इसे लेकर चेतावनी जारी की, लेकिन जयपुर पुलिस का अंदाज अलहदा था। दरअसल, जयपुर पुलिस ने एक फेसबुक पोस्ट की थी, जिसका पोस्टर केके की याद में तैयार किया गया था। इसमें केके को किकी का बॉयफ्रेंड बताया गया था और उसकी मौत शिगी के दौरान होने की जानकारी दी गई थी। जयपुर पुलिस ने लिखा था, 'मौत को चुनौती मत दीजिए। खतरनाक स्टंट न करें और अपने दोस्तों को भी इससे बचने की सलाह दें।' जयपुर पुलिस का यह पोस्ट काफी वायरल हुआ था।

दीपिका पादुकोण की फिल्म गहराइयां भले ही बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई हो, लेकिन मुंबई पुलिस ने इसकी मदद से लोगों को साइबर क्रिमिनल्स से बचाने के लिए बेहद गहरी बात समझाने की कोशिश की थी। दरअसल, उस वक्त मुंबई पुलिस ने एक ट्वीट किया था। इसमें लिखा था, 'हां डूबे, हां डूबे, हां डूबे: आपके पैसे अगर आप ओटीपी शेयर करते हैं तो... सावधान रहें... साइबर क्राइम से बचें।'