पुलिस ने यूपी के गांव मोहम्मदपुर माफी लोहड्डा के सरकारी अस्पताल में छापा मारकर गोकशी पकड़ी। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो लोग फरार हो गए। मौके से 25 किलो गोमांस और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक एक फरार आरोपी का सरकारी अस्पताल पर अवैध तरीके से कब्जा है और वह परिवार के साथ अस्पताल में ही रहता है। रतनपुरी पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि गांव मोहम्मदपुर माफी लोहड्डा के सरकारी अस्पताल में गोकशी हो रही है। पुलिस ने छापा मारा तो गांव निवासी नसीम पुत्र यासीन गोकशी करते हुए मिला। जबकि उसके दो अन्य साथी अनीस, इरशाद फरार हो गए। पुलिस ने अस्पताल के अंदर से 25 किलो गोमांस और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पशु चिकित्सक की जांच में भी मांस गाय का निकला।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध गोकशी करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी अनीस की पत्नी सरकारी अस्पताल में दाई का काम करती है। आरोपी परिवार के साथ सरकारी अस्पताल में ही रह रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार स्वास्थ्य अधिकारियों से भी शिकायत की गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उधर, ग्राम प्रधान मोहम्मद अहमद का कहना है कि आरोपी की पत्नी को अस्पताल की देखरेख के लिए रखा गया है। इससे ज्यादा उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं, एएनएम बृजबाला का कहना है कि अनीस की पत्नी बानो सरकारी दाई है और अस्पताल की देखरेख करती है। पीएचसी बडसू के डॉ. रोहित ने बताया कि बानो कोई सरकारी दाई नहीं है। उसका अस्पताल में कोई रिकार्ड है या नहीं उसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में एएनएम से बातचीत करके अस्पताल खाली कराया जाएगा।