फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

#कोरोना संकट: जानिए लॉकडाउन 2.0 के सातवें दिन देश के प्रमुख शहरों का हाल

Tue, 21 Apr 2020 05:09 AM IST
संजीव कुमार झा अमर उजाला नेटवर्क, मुंबई
विज्ञापन
मरीज की जांच करते डॉक्टर (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य में 4666 मामलों की पुष्टि की है, जो देश में सबसे ज्यादा हैं। कोरोना के कारण राज्य में 232 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, पुणे, पिंपरी चिंचवाड़ और पुणे ग्रामीण को 27 अप्रैल तक पूरी तरह सील कर दिया गया है। पुणे में अब तक 669 पॉजिटिव मामले मिल चुके हैं, जबकि 51 लोगों की जान जा चुकी है।

विज्ञापन


उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पुणे व पिंपरी चिंचवाड़ में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। यह पहला मामला है जब किसी पूरे शहर को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया है। इससे पहले शहरों में कुछ चिह्नित इलाकों की कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया है।

पुणे के नगर निगमायुक्त शेखर गायकवाड़ ने बताया, उपमुख्यमंत्री के आदेश के बाद नगर निगम की सीमाएं सील कर दी गई हैं। संबंधित पुलिस स्टेशनों ने भी अपने क्षेत्र की सीमाओं को सील कर दिया है। नगर निगम के तहत आने वाले 15 वार्डों में से 12 में कोरोना से संक्रमित मरीज मिले हैं, जिसके बाद यह फैसला किया गया। संक्रमण को रोकने के लिए लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने की आवश्यकता है। केवल आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों को आवाजाही की अनुमति दी गई है।

भोपाल में नौ दिन की बच्ची पॉजिटिव, इंदौर पहुंची विशेष टीम

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक नौ दिन की बच्ची को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बच्ची का जन्म सुल्तानिया अस्पताल में हुआ था, जहां की दो नर्सों को संक्रमित पाया गया था। बच्ची के माता-पिता का भी टेस्ट किया गया है, जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है। इस बीच, राज्य में मरीजों का आंकड़ा 1407 पहुंच गया है, जिनमें से 890 केस इंदौर से हैं। केंद्र सरकार की ओर से एक विशेष मेडिकल टीम इंदौर पहुंची है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

राजस्थान के नागौर में नवजात को संक्रमण...

राजस्थान के नागौर जिले में एक नवजात में कोरोना संक्रमण मिला है। जिले के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सुकुमार कश्यप ने सोमवार को बताया, बच्चे का जन्म शनिवार को हुआ था। उसकी मां, पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी कोरोना संक्रमित हैं। बच्ची की जांच रिपोर्ट रविवार को आई थी। बसनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्ची का जन्म हुआ था।

आंध्र प्रदेश में सब इंस्पेक्टर की मौत...

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में 75 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद राज्य में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 722 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया, बीते 24 घंटे में तीन लोगों की मौत हुई है, जिनमें अनंतपुरामू का सब इंस्पेक्टर भी शामिल है। वहीं, श्रीकलाहस्ती में एक महिला सब इंस्पेक्टर व सात सरकारी अधिकारी भी संक्रमित मिले हैं।

विज्ञापन

कर्नाटक में  जमात में शामिल लोगों के लिए एडवाइजरी...

कर्नाटक में पांच नए मरीज मिलने के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 395 हो गई है। इस बीच, दिल्ली में तब्लीगी जमात में शामिल लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें जमातियों को 08029711171 आरोग्य सहायवाणी पर संपर्क करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को एडवाइजरी के साथ ट्वीट किया।

मुंबई में 53 मीडियाकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव, आइसोलेशन में

मुंबई में कम से कम 53 मीडियाकर्मियों को कोरोना से संक्रमित पाया गया है। बृह्नमुंबई नगर पालिका (बीएमसी) ने सोमवार को बताया, शहर के आजाद मैदान में 16 से 17 अप्रैल के बीच एक कैंप लगाया गया था, जिसमें 171 मीडियाकर्मियों के सैंपल लिए गए थे। इनमें इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया में काम करने वाले पत्रकार, कैमरामैन भी शामिल हैं। इनमें से 53 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को आइसोलेशन में रखा गया है। इनके उच्च या कम जोखिम का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

मुंबई में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3032 हो गई है। इस बीच, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीते 36 घंटे में 835 नए मामलों की पुष्टि की। ठाकरे ने कहा, कुछ इलाकों में सीमित औद्योगिक गतिविधियों की अनुमति दी गई है, लेकिन इसे कोरोना का खतरा कम होने के नजरिये से न देखा जाए। नॉन हॉटस्पॉट इलाकों में औद्योगिक गतिविधियां शुरू की गई हैं।

इस बीच राज्य में सोमवार को कोरोना के 466 नए मरीज मिले। 24 घंटे में 9 और कोरोना पीड़ितों की मौत हो गई। मृतकों में मुंबई के 7 और मालेगांव के दो मरीज शामिल हैं। इस बीच 65 कोरोना मरीज स्वस्थ्य होकर घर पहुंचे हैं।

गुजरात में 1800 के पार हुए मरीज

गुजरात में सोमवार को कोरोना के 108 नए मरीज मिले, जिसके बाद राज्य में कुल मरीजों का आंकड़ा 1851 हो गया है। चार और मौतों के साथ 67 लोगों की जान जा चुकी है। उपायुक्त विजय पटेल ने बताया, नौ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत 24 को कोरोना संक्रमित पाया गया है। इनमें से दो साथियों के संपर्क में आने के बाद पॉजिटिव हुए।

जबलपुर अस्पताल से भागा कोविड-19 मरीज पकड़ा

मध्य प्रदेश के जबलपुर अस्पताल से फरार कोरोना संक्रमित आरोपी को सोमवार सुबह नरसिंहपुर बार्डर से गिरफ्तार कर लिया गया। इंदौर में डॉक्टरों पर पथराव मामले में आरोपी रविवार शाम को सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज से फरार हो गया था। गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पथराव मामले में उस पर रासुका लगाया गया था।

सरकार राशन दुकानों को देगी 50 लाख मास्क

मध्य प्रदेश सरकार ने पचास लाख सस्ते मास्क उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। सरकार ये मास्क राशन की दुकानों के जरिये उपलब्ध कराएगी। जनसंपर्क अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सरकार यह मास्क शहरी इलाकों में महिलाओं द्वारा तैयार करवाएगी। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बुलाई गई बैठक में इसका फैसला लिया गया।

ड्राइवरों को मिलेगी ढाबों की जानकारी

भूतल परिवहन मंत्रालय ने सोमवार को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे ड्राइवरों की मदद के लिए ढाबों और ट्रक की मरम्मत की दुकानों की सूची वाला एक डैशबोर्ड लॉन्च किया। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कॉल नंबर 1033 पर भी ड्राइवर यह जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मंत्रालय ने कहा, इसका उद्देश्य चुनौतीपूर्ण समय में आवश्यक वस्तुओं के वितरण में लगे ड्राइवरों और क्लीनरों को सुविधा प्रदान करना है।  

विज्ञापन

आंध्र प्रदेश में संक्रमण से एएसआई का निधन

आंध्र प्रदेश के अनंतपुरम जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते 51 वर्षीय सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) एस हबीबुल्ला का निधन हो गया। हबीबुल्ला पारिगी पुलिस स्टेशन में तैनात थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है।

हिंदूपुरम कस्बे के निवासी हबीबुल्ला पिछले तीन साल से पारिगी में तैनात थे। 20 दिन पहले बीमार होने पर पारिगी एसआई ने उन्हें छुट्टी पर भेज दिया था। हालांकि वह कुछ दिनों बाद ही काम पर लौट आए थे। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए एसआई ने उन्हें कोनापुरम पिकेट पर ड्यूटी पर भेजा था। 16 अप्रैल को फिर से हबीबुल्ला बीमार पड़ गए। परिजन उन्हें हिंदूपुरम जीजीएस ले गए। इसके बाद उसे अनंतपुरम कोविड-19 अस्पताल ले जाया गया था।

विदेशों में फंसे छात्रों की मदद कर रहे पूर्व छात्र

दूसरे देशों में फंसे आईआईटी के विद्यार्थियों की मदद को पूर्व छात्र आगे आए हैं। सेमेस्टर एक्सचेंज, इंटर्नशिप और कई देशों में छोटी अवधि वाली परियोजनाओं के तहत ये छात्र विदेश गए थे। सभी आईआईटी ने पूर्व छात्रों से अपील की है कि वे विदेशों में फंसे छात्रों की रहने व अन्य तरह से मदद करें। विदेशी छात्रों ने इनकी मदद करने की इच्छा जताई है।

क्वारंटीन कराने वालों पर हमला, 59 गिरफ्तार

कर्नाटक में बंगलूरू के पदरायणपुरा में संदिग्ध कोरोना संक्रमित लोगों को क्वारंटीन कराने पहुंचे पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों पर लोगों ने हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को 59 लोगों को गिरफ्तार किया और पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं। अल्पसंख्यक बहुल पदरायणपुरा कोरोना हॉटस्पॉट है। प्रशासन ने इस इलाके को सील किया है। प्रशासन को इसकी सूचना मिली थी कि वहां पर कुछ ऐसे लोग हैं जो कोरोना संक्रमितों के सीधे संपर्क थे। इन लोगों को क्वारंटीन करने के लिए महानगरपालिका की एक टीम पुलिस के साथ पहुंची थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें