भारत में कोरोना का पहला मरीज मिले एक साल पूरा हो चुका है। अब तक संक्रमण की पहली लहर गुजरने के बाद स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में दिखाई भी देने लगी है लेकिन एक बार फिर देश के कुछ राज्यों में संक्रमण की दर बढ़ रही है। नौ राज्यों में राष्ट्रीय औसत से अधिक संक्रमण दर मिली है। इनमें से दो राज्य केरल और छत्तीसगढ़ की बात करें तो यहां यह दर सात फीसदी से भी अधिक है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अभी देश में कोरोना संक्रमण की साप्ताहिक दर देखें तो यह 1.92 फीसदी है लेकिन गुजरात, लद्दाख, सिक्किम, पुडुचेरी, चंडीगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ और केरल में यह काफी अधिक है। वहीं 27 प्रदेशों में संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत से भी कम है।
13,083 नए मामले मिले
शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को 13,083 संक्रमित मिले हैं। वहीं 14,808 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इस बीच 137 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब यह आंकड़ा बढ़कर 1,07,33,131 तक जा पहुंचा है। इनमें से 1,04,09,160 मरीज अब तक स्वस्थ भी हो चुके हैं लेकिन 1,54,147 मरीज अपनी जान गवां भी चुके हैं। अभी देश में संक्रमण के169,824 मामले सक्रिय हैं। इनमें से भी 59 फीसदी मरीज अपने अपने घरों में आइसोलेशन में हैं। मंत्रालय के मुताबिक पिछले एक दिन में देश में 7.56 लाख सैंपल की जांच हुई थी।
अभी 1.58 फीसदी मरीज ही बचे हैं। वहीं रिकवरी दर पिछले कुछ दिन से 97 फीसदी पर है। इनके अलावा पिछले एक दिन की स्थिति पर गौर करें तो केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आए हैं। दूसरी ओर केरल और महाराष्ट्र के अलावा पंजाब तीसरा ऐसा राज्य है जहां पिछले एक दिन में सबसे ज्यादा मरीजों की मौत भी हुई है।