देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटे में 3561 नए मामले सामने आए हैं और 89 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 52,952 हो गई है, जिनमें 35,902 सक्रिय हैं, 15,267 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1783 लोगों की मौत हो चुकी है। रेलवे लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चला रहा है और विदेश में फंसे भारतीयों को लाने की शुरुआत आज से हो गई। जानिए दिन भर की पांच बड़ी खबरें...
जून-जुलाई में चरम पर पहुंच सकते हैं कोरोना वायरस के मामले
एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने गुरुवार को कहा कि जून-जुलाई में कोरोना वायरस के मामले चरम पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों को देखते हुए और जिस तरह से भारत में कोरोना के मरीजों की बढ़ोतरी हो रही है, जून-जुलाई में महामारी अपने चरम पर होगी।
1.60 लाख प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के लिए अब तक चलाई गईं 163 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें
भारतीय रेलवे ने गुरुवार को कहा कि उसने 1 मई से अब तक 163 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। दावा किया गया है कि इस दौरान लॉकडाउन में फंसे 1.60 लाख प्रवासी मजदूरों ने इन ट्रेनों में यात्रा की है।रेलवे ने बताया कि उसने बुधवार को 56 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाईं। वहीं, गुरुवार को 14 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। कुल मिलाकर अब तक 163 ऐसी ट्रेनें प्रवासी मजदूरों के लिए चलाई गई हैं।
पढ़ें पूरी खबर
ब्रिटेन और सिंगापुर के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू, जानिए क्या हैं शर्तें
एयर इंडिया ने अमेरिका, ब्रिटेन और सिंगापुर के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। वंदे भारत मिशन के तहत भारत से इन देशों के लिए 8 से 14 मई तक उड़ानें संचालित की जाएंगी। एयर इंडिया के मुताबिक, वे लोग टिकट बुक कर सकते हैं जो इन देशों में जाने की शर्तों को पूरा करते हैं।
देश में लॉकडाउन नहीं होता तो चार लाख होते संक्रमित
पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 लाख के पार पहुंच चुकी है, जबकि दो लाख से अधिक लोगों की मौत हो गई है। भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 52,000 के आंकड़े को पार कर चुकी है और 15 सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई है। कोरोना वायरस के कारण भारत ही नहीं, दुनिया के कई देशों में लॉकडाउन करना पड़ा है, हालांकि लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ी ही है लेकिन यदि लॉकडाउन नहीं होता तो क्या होता? इसके बारे में सोचने की जरूरत है।
पढ़ें पूरी खबर
मालदीव में फंसे भारतीयों को लाने के लिए माले पोर्ट में दाखिल हुआ आईएनएस जलाश्व
कोरोना वायरस संकट के बीच विदेशों में फंसे भारतीयों की देश वापसी के लिए भारत सरकार ने कोशिशें तेज कर दी हैं। संकट के समय मालदीव में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए नौसेना ने समुद्र सेतु ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके तहत नौसेना का जहाज आईएनएस जलाश्व गुरुवार को माले बंदरगाह के अंदर दाखिल हो गया। मालदीव उच्चायोग ने इस बात की जानकारी दी है।