हैदराबाद की कंपनी भारत बायोटेक ने कोवाक्सिन के तीसरे चरण के क्लिनिकल परीक्षण का डाटा भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) को सौंप दिया है। अब डीसीजीआई मंगलवार को इन आंकड़ों की समीक्षा करेगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ भारत बायोटेक की 'प्री-सबमिशन' बैठक से पहले आंकड़ों की समीक्षा बैठक हो रही है ताकि कोरोना वैक्सीन कोवाक्सिन को मंजूरी दी जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, कोवाक्सिन के तीसरे चरण के आंकड़ों की समीक्षा के लिए विषय विशेषज्ञ समिति की आज बैठक होगी।
भारत बायोटेक ने कहा था कि तीसरे चरण के नतीजों के मुताबिक, कोवाक्सिन ने कोरोना के हल्के, मध्यम और गंभीर मामलों के खिलाफ 78 प्रतिशत की प्रभावकारिता दिखाई है। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि भारत बायोटेक ने कोवाक्सिन के तीसरे चरण के क्लिनिकल परीक्षण के आंकड़े ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) को सौंप दिए हैं।
कोवाक्सिन के तीसरे चरण के क्लिनिकल परीक्षण को जारी करने में देरी को लेकर हैदराबाद स्थित वैक्सीन निर्माता की तीखी आलोचना हुई है। डीसीजीआई ने पहले और दूसरे चरण के परीक्षणों के आधार पर जनवरी में भारत में आपातकालीन उपयोग के लिए कोवाक्सिन को मंजूरी दी थी।