करीब 13 वर्ष पहले एक पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में ओडिशा की एक अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई। न्यायाधीश पीके चौधरी ने बेरहामपुर के आरोपी सुशांत बेहरा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मामले में अन्य आरोपी सुनील बेहरा को सबूतों के अभाव के कारण बरी कर दिया है।
विज्ञापन
सरकारी वकील त्रिलोचन ने कहा, मामले के एक अन्य आरोपी समीर पांडा के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया है। वह फैसले के दिन अदालत में पेश नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि अदालत ने 22 गवाहों से पूछताछ और हत्या से जुड़े कुछ दस्तावेजों की पुष्टि के बाद फैसला सुनाया।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, आरोपियों ने वर्ष 2010 को हिंजिल-शेरागड़ा रोड स्थित शेरागड़ा पुलिस स्टेशन के तत्कालीन प्रभारी मनोरंजन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बता दें उस रात प्रभारी मनोरंजन मिश्रा गश्त लगाकर अपनी मोटर साइकिल से लौट रहे थे। इस दौरान आरोपियों के साथ हुई तीखी बहस के बाद मनोरंजन मिश्रा को गोली मारकर हत्या कर दी थी।