देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण चल रहा है। इसके तहत 45 साल से ऊपर वालों को कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है। देश में अब तक 12,71,29,113 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि 1 मई से 18 साल से ऊपर वालों को कोविड का टीका लगाया जाएगा।
78.37 फीसदी नए मरीज देश के 10 राज्यों से मिले
बता दें कि सोमवार को 78.37 फीसदी यानी 2.01 लाख से ज्यादा मरीजों की पहचान देश के 10 राज्यों में हुई। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 58,924 संक्रमित पाए गए। उत्तर प्रदेश में 28,211, दिल्ली में 23,686, कर्नाटक में 15,785, केरल में 13,644, छत्तीसगढ़ में 13,834, मध्यप्रदेश में 12,897, तमिलनाडु में 10,941, राजस्थान में 11,967, गुजरात में 11,403 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
26.94 करोड़ लोगों की हुई कोविड जांच
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार को देखते हुए कोरोना की जांच में तेजी लाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में सोमवार शाम तक 26,94,14,035 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 15,19,486 नमूनों की जांच कल यानी सोमवार को की गई।