प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शाम 4 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
दिल्ली में आज कोरोना वायरस के 2,084 नए मामले सामने आए हैं और 57 मौतें हुई हैं। राजधानी में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 85,161 हो गई है जिसमें 26,246 सक्रिय मामले, 56,235 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 2,680 मौतें शामिल हैं: दिल्ली सरकार
जम्मू-कश्मीर में आज कोरोना वायरस के 144 नए मामले सामने आए हैं, 45 मामले जम्मू डिवीज़न और 99 कश्मीर डिवीज़न से हैं। कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 7,237 है जिसमें 2,557 सक्रिय मामले, 4,585 ठीक हो चुके मामले और 95 मौतें शामिल हैं: जम्मू-कश्मीर सरकार
जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की वेबसाइट के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना के मामले बढ़कर एक करोड़ से अधिक हो गए हैं, इसके अलावा महामारी से मरने वालों की संख्या भी पांच लाख के पार हो गई है।
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 624 नए मामले सामने आए हैं और 14 मौतें हुई हैं। राज्य में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,907 है और कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 653 है। राज्य में कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या 5,535 है: राज्य स्वास्थ्य विभाग
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली के सभी इलाकों में डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग को रोकने का फैसला किया है ताकि इसे प्राथमिकता से कंटेनमेंट ज़ोन में किया जा सके। दिल्ली सरकार ने केंद्र के निर्देशों पर 6 जुलाई तक 35 लाख से अधिक घरों की डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग करने का निर्देश दिया था।
महाराष्ट्र में आज कोरोना से 181 मौतें हुईं और 5,257 नए मामले सामने आए हैं। 181 मौतों में से 78 मौतें पिछले 48 घंटों में हुईं हैं और 103 पहले की हैं। राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1,69,883 हो गई है जिसमें 73,298 सक्रिय मामले शामिल हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
पिछले 24 घंटे में इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के चार और कर्मी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। अब यहां सक्रिय मामलों की संख्या 81 हो गई है और अब तक कुल 236 कर्मी कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं: इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी)
लखनऊ जिला न्यायालय में आज कोरोना वायरस का एक मामला सामने आने के बाद न्यायालय दो दिनों तक बंद रहेगा। सैनिटाइजेशन होने के बाद न्यायालय को फिर से खोला जाएगा।
केरल में आज 121 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 4311 हो गए. राज्य में अब सक्रिय मामलों की संख्या 2057 हो गई है।
नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 475 नये मामले सामने आए हैं जिसके बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या 13 हजार के पार हो गई है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 919 है जिसमें 363 सक्रिय मामले, 536 ठीक हो चुके मामले और 7 मौतें शामिल हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारा स्वास्थ्य ढांचा कोरोना से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है, लेकिन हम वायरस से प्रभावी रोकथाम पर भी समान जोर दे रहे हैं। सामाजिक दूरी, सुरक्षित तरीके और मास्क महामारी से लड़ने के सबसे अच्छे तरीके हैं। हालांकि हम महसूस करते हैं कि मास्क खरीदना कई लोगों के लिए संभव नहीं है। इसलिए पश्चिम बंगाल सरकार ने 3 करोड़ मास्क खरीदने का फैसला किया है, जो स्कूली छात्रों, 100-दिवसीय योजना लाभार्थियों, फ्रंटलाइन हेल्थकेयर वर्कर्स, पुलिस, फायर सर्विसेज स्टाफ, नगर पालिकाओं, नागरिक स्वयंसेवकों आदि को बिल्कुल मुफ्त प्रदान किया जाएगा।'
हमने फ्रंटलाइन योद्धाओं के रूप में काम कर रहे डॉक्टरों, नर्सों,अन्य लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए एक जुलाई (डॉक्टर दिवस) को राज्य अवकाश के रूप में घोषित किया है। मैं केंद्र से अनुरोध करती हूं कि वह फ्रंटलाइन योद्धाओं के सम्मान में इसे राष्ट्रीय अवकाश घोषित करें: मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
तेलंगाना कैबिनेट के एक मंत्री में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कुछ दिन पहले मंत्री का सुरक्षाकर्मी भी संक्रमित हुआ था।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल और स्पीति में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला सोमवार को सामने आया है। बिहार निवासी एक श्रमिक (25) में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के लिए काम करने वाले श्रमिक को केलांग क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया है।
मध्यप्रदेश में रीवा से एक भाजपा विधायक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसी महीने भाजपा के दो और कांग्रेस के विधायक कोरोना पॉजिटिव मिले थे।
कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री के. सुधाकर ने सोमवार को कहा कि राज्य में सामने आए कोविड-19 के कुल मामलों में से 25.92 प्रतिशत मामले बंगलूरू से हैं और सरकार कोविड-19 के मरीजों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के लिए सभी कदम उठा रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में कोविड-19 के मरीजों के ठीक होने की दर 57 प्रतिशत है और इस महामारी से मरने वालों की दर 1.56 प्रतिशत है, जो तीन प्रतिशत की राष्ट्रीय दर से कम है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के तीन नए मामले सामने आए। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 919 पहुंचा, इनमें से 534 ठीक हो चुके हैं और सात की मौत हुई है।
जाने माने क्लब क्रिकेटर और दिल्ली की अंडर 23 टीम के पूर्व सहयोगी स्टाफ संजय डोभाल का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण सोमवार की सुबह निधन हो गया। उनके परिवार के करीबी सूत्र ने यह जानकारी दी । डोभाल 53 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं । बड़ा बेटा सिद्धांत राजस्थान के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलता है और छोटा बेटा एकांश दिल्ली की अंडर 23 टीम में है।
डीडीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि डोभाल में कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण थे और उन्हें पहले बहादुरगढ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां जांच में वह पॉजिटिव पाए गए। उसके बाद हालात बिगड़ने पर उन्हें द्वारका के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया। उन्हें प्लाज्मा थेरेपी भी दी गई लेकिन कोई असर नहीं हुआ। फिरोजशाह कोटला मैदान पर जाना माना चेहरा डोभाल दिल्ली के क्रिकेटरों वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, मिथुन मन्हास के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने सोनेट क्लब के लिए क्रिकेट भी खेला।
दिल्ली के पंजाबी बाग में सीआरपीएफ जवान का अंतिम संस्कार सरकारी दिशा निर्देशों के तहत हुआ।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोरोना वायरस के गंभीर रोगियों के उपचार के लिए प्रोजेक्ट प्लेटिना का उद्घाटन किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा प्लाज्मा थेरेपी ट्रायल है जिसे महाराष्ट्र चिकित्सा शिक्षा और औषधि विभाग द्वारा लांच किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, कोरोना संक्रमितों और स्वस्थ हुए लोगों के बीच का अंतर 1,11,602 पहुंच गया है। अबतक 3,21722 मरीज स्वस्थ हुए हैं। रिकवरी रेट 58.67 पहुंच गया है।
तेलंगाना के गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें रविवार रात को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। अली 25 जून को शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम ‘हरिता हरम ‘ में शामिल हुए थे। वह कोरोनोवायरस से संक्रमित होने वाले पहले मंत्री हैं।
पंजाबी के सीएम कैप्टन अमरिंदर ने कहा, अगर मेरे राज्य में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा पैदा होता है तो मैं सख्ती से कार्रवाई करूंगा। मैं अपने राज्य में वायरस फैलने नहीं दूंगा। मैं सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा।
झारखंड में कोविड-19 के 22 नये मामले सामने आने के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,364 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार रविवार को 69 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। झारखंड में कोविड-19 संक्रमितों के ठीक होने की दर 75.84 प्रतिशत है। अब तक कुल 1,793 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 559 मरीजों का इलाज चल रहा हैं। राज्य में 31 मार्च से अब तक कुल 12 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई है।
कोविड19: मेक इन इंडिया के तहत निर्यात को बढ़ावा देने के लिए पीपीई किट के निर्यात का कोटा एक महीने में 50 लाख तक कर दिया गया है।
राजस्थान में आज सुबह 10:30 बजे तक कोरोना के 121 नए मामले और तीन मौतें दर्ज की गई हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 17,392 हो गई है। 13,618 लोग ठीक हो चुके हैं और 402 लोगों की मौत हो चुकी है।
चेन्नई में तमिलनाडु के सीएम पलानीस्वामी ने राज्य में कोरोना की स्थिति को देखते हुए चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ बैठक की। पिछले बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कोरोना के कुल 82,275 मामले हैं। जिनमें 45,537 ठीक हो चुके हैं और 35,656 सक्रिय मामले हैं। अभी तक 1,079 लोगों की मौत हो चुकी है।
कर्नाटक में कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच माध्यमिक स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएसएलसी) बोर्ड की परीक्षा में बैठने से पहले शिवमोग्गा के स्कूलों में छात्रों की स्क्रीनिंग की गई।
असम के गुवाहाटी में 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। शहर की सड़कें खाली पड़ी हैं।