कोरोना वायरस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को देख नागपुर नगर निगम ने बुधवार को होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालयों को सप्ताहांत (वीकेंड) पर अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। नागपुर नगर निगम ने अपने फैसले में स्पष्ट कहा है कि होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालय खाद्य पदार्थों की बंदी के दौरान ऑनलाइन डिलीवरी कर सकेंगे।
आदेश में स्वीमिंग पूल और पुस्तकालयों को भी सात मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है। सोमवार को जिला प्रशासन ने सभी स्कूल और कॉलेजों को भी सात मार्च तक बंद करने की घोषणा कर दी थी। नागपुर में अब तक कोरोना के 1,44,534 मामले सामने आए हैं। इसमें 4291 की मौत हो चुकी है। सक्रिय केस की संख्या 6468 है।
टीके के लिए यूक्रेन ने स्वास्थ्यमंत्री ने की भारत बायोटेक से बात
यूक्रेन के स्वास्थ्यमंत्री डॉ. माकसिम स्टेपनाओ समेत तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने कोरोना टीके की खरीदारी के लिए बुधवार को भारत बायोटेक से बात की। भारत बायोटेक ने बयान जारी कर बताया कि कोवाक्सिन की आपूर्ति के लिए यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल ने बात की है।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी के बायो सेफ्टी लेवल-3 मैन्युफैक्चरिंग फेसिलिटी का भी दौरा किया और इंट्रानेजल वैक्सीन से जुड़ी जानकारी जुटाई। कंपनी के प्रबंध निदेशक कृष्णा एल्ला ने कहा कि इंट्रानेजल टीका बीबीवी 154 को लेकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई है। एल्ला ने कहा कि दुनिया को टीका मुहैया कराने के लिए कोशिशें की जा रही हैं ताकि हर कोई सुरक्षित हो सके।