कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप से बेहाल महाराष्ट्र सरकार ने इससे निपटने के लिए केरल से मदद मांगी है। महाराष्ट्र चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान निदेशालय (डीएमईआर) ने कोरोना से जंग में अस्थायी आधार पर डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम भेजने का आग्रह किया है। केरल सरकार ने अपनी मेडिकल टीम भेजकर राज्य की मदद करने की पेशकश की थी। इस प्रस्ताव के बाद ही औपचारिक अनुरोध किया गया।
डीएमईआर के डॉ. टीपी लहाणे ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और इससे राज्य के स्वास्थ्य ढांचे खासकर मानव संसाधन की कमी के मामले में भारी दबाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ अपनी पूरी क्षमता से काम रहे हैं। राज्य सरकार निजी डॉक्टरों की भी सेवाएं ले रही है लेकिन हमें और डॉक्टरों व नर्सों की आवश्यकता है।
इसके लिए हमने केरल सरकार को 50 डॉक्टर और 100 नर्सों को भेजने का अनुरोध किया है। पिछले हफ्ते महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और केरल की उनकी समकक्ष केके शैलजा के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लंबी चर्चा हुई थी। इस दौरान कोरोना वायरस से निपटने पर भी अनुभव साझा हुए थे।