उत्तर प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण से एक दिन में सबसे ज्यादा 120 लोगों की मौत हुई है वहीं संक्रमण के 27,357 नये मामले सामने आए हैं। इससे पहले सितंबर, 2020 में एक दिन में सबसे ज्यादा 113 लोगों की मौत हुई थी।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य व चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को बताया कि राज्य में अभी तक 8,21,054 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है वहीं संक्रमण से अभी तक 9,703 लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली : 24 घंटे में 24375 नए मामले
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 24,375 नए मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में 15,414 लोग डिस्चार्ज हुए और 167 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कुल मामले 8,27,998 हो गए हैं। अब तक कुल 7,46,239 लोग ठीक हुए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 69,799 है और अब तक कुल 11,960 लोग जान गंवा चुके हैं।
छत्तीसगढ़ : रायपुर के निजी अस्पताल में लगी आग, पांच कोरोना मरीजों की मौत
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में शनिवार को आग लगने से कोरोना वायरस से संक्रमित पांच मरीजों की मौत हो गई। रायपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने शनिवार को बताया कि शहर के पचपेड़ी नाका क्षेत्र में स्थित राजधानी अस्पताल में आज शाम आग लगने से पांच मरीजों की मृत्यु हो गई है। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।
बिहार में गत 24 घंटे में कोविड-19 से 34 और मरीजों की मौत हुई है, जिन्हें मिलाकर राज्य में इस महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या शनिवार तक बढ़कर 1,722 हो गई है। वहीं, इस अवधि में 7,870 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में अबतक कोरोना वायरस की चपेट में आने वालों की कुल संख्या बढ़कर 3,15,427 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण से जिन 34 मरीजों की मौत हुई उनमें पटना के 12, भागलपुर के चार, दरभंगा के तीन, भोजपुर- मुंगेर- मुजफ्फरपुर- नालंदा- सिवान एवं सुपौल के दो-दो, जहानाबाद- खगड़िया-शिवहर के एक-एक मरीज शामिल हैं। बिहार में शुक्रवार अपराह्न चार बजे से शनिवार अपराह्न चार बजे तक संक्रमण के 7,870 नए मामले आए हैं। इनमें से सबसे अधिक 1,898 मरीज राजधानी पटना के हैं।
वहीं, गया में 610, मुजफ्फरपुर में 541, बेगूसराय में 326, भागलपुर में 322, पश्चिम चंपारण में 269, सारण में 256, मुंगेर 255, सहरसा में 247, औरंगाबाद में 215, रोहतास एवं सिवान में 188-188, जहानाबाद में 186, वैशाली में 167, पूर्णिया में 153, पूर्वी चंपारण में 149, गोपालगंज में 147, समस्तीपुर में 143, भोजपुर में 138, मधुबनी में 127, नवादा में 115, मधेपुरा में 110, नालंदा में 109, जमुई एवं शेखपुरा में 103-103, लखीसराय में 102, बक्सर में 100, अरवल में 94, बांका में 74, अररिया में 71, कटिहार में 70, सुपौल में 61 तथा दरभंगा में 60 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि गत 24 घंटे में हुई है।
पिछले साल यहां शुरू हुई कोविड-19 महामारी की चपेट में अबतक 3,15,427 लोग आ चुके हैं, जिनमें से 2,74,207 मरीज ठीक हुए हैं। ठीक होने वाले मरीजों में गत 24 घंटे में संक्रमण मुक्त हुए 1,804 मरीज शामिल हैं। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 1,00,555 नमूनों की जांच की गई। राज्य में अबतक 2,51,45,835 नमूनों की जांच की गई है। बिहार में वर्तमान में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 39,497 है जबकि ठीक होने की दर 86.93 प्रतिशत है।
पश्चिम बंगाल में शनिवार को कोविड-19 के अब तक के सर्वाधिक 7,713 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6,51,508 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी।
राज्य में 34 और मौतें होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 10,540 हो गई। कोलकाता शहर में 1,998 नए मामले आए और 10 मौतें हुईं। पिछले 24 घंटों में राज्य में बीमारी से 3,426 मरीज ठीक हुए। बुलेटिन में कहा गया है कि शुक्रवार से कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए 45,330 नमूनों की जांच की गई है।
हिमाचल प्रदेश : 1,392 नए मामले सामने आए, 12 की मौत
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से 12 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 1,167 हो गई। इसके अलावा संक्रमण के 1,392 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की तादाद 75,587 तक पहुंच गई है।
अधिकारी ने कहा कि राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या बढ़कर 8,444 हो गई है। विशेष स्वास्थ्य सचिव निपुण जिंदल ने कहा कि शिमला और कांगड़ा में तीन-तीन, सोलन में दो और सिरमौर, मंडी, कुल्लू तथा लाहौल-स्पीति जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटे में 647 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकार्ड 9,046 नए मामले सामने आने के बाद शनिवार तक राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,04,355 हो गई है। राज्य में इस घातक संक्रमण में और 37 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अभी तक संक्रमण से 3,109 लोगों की मौत हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में उपचाराधीन संक्रमित मरीजों की संख्या बढकर 59,999 हो गई है। बीते चौबीस घंटे में जयपुर में 1484, जोधपुर में 1265, कोटा में 1049, उदयपुर में 783, अलवर में 591 और भीलवाड़ा में संक्रमण के 407 नये मामले आए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में 2823 और कोरोना वायरस संक्रमित ठीक हुए। राज्य में अब तक कुल 3,41,247 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस घातक संक्रमण से बीते चौबीस घंटे में हुई 37 मौतों में से जोधपुर में 17, जयपुर-उदयपुर में तीन-तीन, करौली-सीकर में दो-दो लोगों की मौत हुई है।
झारखंड : एक दिन में रिकॉर्ड 56 लोगों की मौत
झारखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से रिकॉर्ड 56 लोगों की मौत हुई है। राज्य में संक्रमण से अभी तक 1,376 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, संक्रमण के 3,843 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,55,115 हो गई है।
राज्य में अभी तक 1,30,694 लोग संक्रमण से मुक्त हुए हैं जबकि 23,045 लोगों का इलाज चल रहा है। पिछले चौबीस घंटों में राज्य में कुल 33,062 नमूनों की जांच की गई है।
गोवा में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 762 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 66,261 हो गई। इसके अलावा चार रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 872 तक पहुंच गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 6,643 है।
उन्होंने कहा कि 436 लोगों को संक्रमण से उबरने के बाद आज छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 58,746 हो गई है। अधिकारी ने कहा कि गोवा में 3,494 और नमूनों की जांच की गई हैं। अब तक कुल 5,88,751 जांचें की जा चुकी हैं।
आंध्र प्रदेश : 7224 नए मामले, 15 मौतें हुईं
आंध्र प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस के 7,224 नए मामले सामने आए, जो 26 सितंबर के बाद एक दिन में आए सबसे अधिक मामले हैं। ये आंकड़े सुबह नौ बजे तक के पिछले 24 घंटों के हैं। राज्य में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 40,469 हो गई, जो 15 अक्टूबर के बाद सबसे अधिक है।
नवीनतम बुलेटिन में कहा गया कि राज्य में 24 घंटे में 2,332 और कोविड-19 रोगी ठीक हुए हैं और 15 और लोगों ने संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया। राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 9,55,455 तक पहुंच गए, जबकि 9,07,598 मरीज ठीक हो चुके हैं और 7,388 लोगों की मौत हो चुकी है।