देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 46,711 हो गई है। जिसमें 31,967 सक्रिय हैं, 12,727 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1,583 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज आंध्र प्रदेश में 67, राजस्थान में 66 और कर्नाटक में आठ नए मामले दर्ज किए गए हैं। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आज यूएई, सिंगापुर, मालदीव और अमेरिका में बारतीय मिशन के प्रमुखों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कोई समस्या न आए इसके लिए मंत्रालय ने हर राज्य में एक समन्वय समिति गठित करने के साथ हर संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया है।
08:39 PM, 05-May-2020
मुंबई के धारावी में आज 33 नए मामले
मुंबई के धारावी में आज 33 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही यहां कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 665 हो गई है, इनमें से 196 लोग ठीक हो चुके हैं।
08:36 PM, 05-May-2020
तमिलनाडु में आज 508 नए मामले
तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मंगलवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 508 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4058 हो गई है। राज्य में कोरोना से आज दो लोगों की मौत हुई, जिसके साथ यहां कुल मौतों का आंकड़ा 33 पहुंच गया है।
खाड़ी देशों से नौकरी खोने के बाद भारत वापस लौट रहे कुशल श्रमितों को रोजगार देने के लिए विदेश मंत्रालय राज्यों और केंद्रीय मंत्रियों को इससे संबंधित डाटाबेस उपलब्ध कराएगा।
08:30 PM, 05-May-2020
खाड़ी देशों से भारत वापसी के लिए आए तीन लाख से ज्यादा आवेदन
देश वापसी के लिए खाड़ी देशों से ही तीन लाख से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया है। सूत्रों ने बताया कि केवल उन लोगों को ही वापस लाया जाएगा जिन्होंने उचित मामलों में पंजीकरण कराया होगा। हमारे मिशन इस काम में लगे हुए हैं और वही इसका फैसला करेंगे।
विज्ञापन
08:14 PM, 05-May-2020
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 350 कोरोना संक्रमण के मरीजों को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिनमें से 165 मरीज मुंबई से हैं। यह महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक अस्पताल से डिस्चार्ज हुए रोगियों की संख्या है। राज्य में अबतक 2465 मरीज ठीक होकर वापस घर लौट चुके हैं।
08:04 PM, 05-May-2020
अमरनाथ यात्रा का पंजीकरण 17 मई तक स्थगित
कोरोना वायरस के चलते एक बार फिर से अमरनाथ यात्रा के लिए होने वाले पंजीकरण को 17 मई तक स्थगित कर दिया गया है। कोरोना के चलते तीसरी बार पंजीकरण की प्रक्रिया को स्थगित किया गया है।
08:02 PM, 05-May-2020
झारखंड में आज कोविड-19 के तीन नए मामले सामने आए हैं। सभी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से हैं। झारखंड में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या अब 122 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने यह जानकारी दी।
07:56 PM, 05-May-2020
पूरी दुनिया भारत की तरफ आशा भरी नजर से देख रही हैः योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष कवच ऐप के लॉन्च के मौके पर कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के इन तथ्यों को आम जनता के बीच प्रस्तुत करना और सरल भाषा में उसे लोगों तक ले जाने का प्रयास इस ऐप के माध्यम से किया गया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में आज पूरी दुनिया भारत की तरफ आशा भरी नजर से देख रही है,भारत की प्राचीन परंपराओं में इस प्रकार के वायरस से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के कई तथ्य भरे पड़े है।
07:50 PM, 05-May-2020
नोएडा में सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के कारण लगा जुर्माना
नोएडा में सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के कारण तीन व्यक्तियों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।
07:46 PM, 05-May-2020
हरियाणा में कोरोना के 31 नए मामले
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में आज 31 नए कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। हरियाणा में अब संक्रमित मामलों की कुल संख्या 548 हो गई है।
07:42 PM, 05-May-2020
महाराष्ट्र सरकार को 450 बेड का अस्पताल देगी विप्रो
विप्रो लिमिटेड ने महाराष्ट्र सरकार के साथ समझौता किया है जिसमें वह पुणे के हिंजेवाड़ी में स्थित एक आईटी परिसर को 450 बेड के कोविड-19 अस्पताल में परिवर्तित करेगा। विप्रो लिमिटेड ने एक बयान में कहा कि वह यह अस्पताल 30 मई को राज्य सरकार को सौंप देगी।
07:28 PM, 05-May-2020
पूरे देश में नहीं होगी सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा
केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के चलते इस साल पूरे देश में सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा न कराने का फैसला किया है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट कर कहा कि पूरे देश में 10वीं कक्षा की परीक्षाएं नहीं होंगी। हालांकि, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ये परीक्षाएं आयोजित होंगी। यहां परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को तैयारी के लिए 10 दिन का समय दिया जाएगा।
07:17 PM, 05-May-2020
जम्मू-कश्मीर में आज 15 नए मामले
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आज कोरोना वायरस के 15 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज जम्मू से और 14 कश्मीर से हैं। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 741 हो गई है, जिनमें 413 सक्रिय हैं।
07:14 PM, 05-May-2020
असम के गोलपाला में आज एक मामला
असम के गोलपाला में आज कोरोना का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है। असम के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में कोरोना के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 43 हो गई है, इनमें से 10 सक्रिय है।
07:06 PM, 05-May-2020
विदेश में फंसे भारतीयों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया जारी
भारत सरकार विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए कदम उठा रही है। इसी के तहत केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ऐसे भारतीयों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया जारी की है। इसके मुताबिक जिन यात्रियों में कोरोना के लक्षण दिखेंगे उन्हें तुरंत चिकित्सा केंद्र ले जाया जाएगा। बाकी यात्रियों को संबंधित राज्य द्वारा तैयार किए गए क्वारंटीन केंद्र ले जाया जाएगा। इन यात्रियों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन में रखा जाएगा। हालांकि, जिन यात्रियों की आरटी-पीसीआर जांच निगेटिव आएगी उन्हें घर पर क्वारंटीन के लिए कहा जाएगा।
07:02 PM, 05-May-2020
अहमदाबाद के नगर आयुक्त होम क्वारंटीन में
अहमदाबाद के नगर आयुक्त विजय नेहरा ने कुछ कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने के बाद 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में जाने का फैसला किया है। अब दो सप्ताह के लिए गुजरात मैरीटाइम बोर्ड के सीईओ और वाइस चेयरमैन मुकेश कुमार यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
06:59 PM, 05-May-2020
बीएसएफ मुख्यालय का कर्मचारी संक्रमित, दो फ्लोर बंद किए गए
नई दिल्ली स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के मुख्यालय में एक कर्मचारी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुख्यालय के दो फ्लोर को सैनिटाइजेशन के लिए बंद कर दिया गया है। बीएसएफ की ओर से बताया गया कि ये फ्लोर बुधवार को फिर खुल जाएंगे। बीएसएफ में कोरोना के अभी तक 69 मामले सामने आए हैं।
06:56 PM, 05-May-2020
चंडीगढ़ में आज 13 नए मामले
चंडीगढ़ के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज यहां कोविड-19 के 13 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिसके साथ यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 115 हो गई है। इसके अलावा यहां कोरोना की वजह से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
06:51 PM, 05-May-2020
झारखंड में आज चार नए मामले
झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदान कुलकर्णी ने बताया कि राज्य में आज कोविड-19 के चार पॉजिटिव मामले सामने आए, सभी मामले रांची के हिंडपिरी इलाके से हैं। कुलकर्णी ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 119 हो गई है।
06:48 PM, 05-May-2020
तमिलनाडु ने तैयार किए 50 टेस्टिंग सेंटर
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस की जांच के लिए 50 टेस्टिंग सेंटर (जांच केंद्र) स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जांच की दर पूरे देश में सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चेन्नई की आबादी बहुत ज्यादा है इसलिए वहां ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। सभी कंटेनमेंट जोन में दिन में तीन पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
06:44 PM, 05-May-2020
विदेशियों को दिए गए सभी वीजा रद्द
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ निश्चित वर्गों को छोड़ कर विदेशी नागरिकों को दिए गए सभी वीजा तब तक के लिए रद्द किए जाते हैं जब तक भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा से प्रतिबंध हटाने का निर्देश नहीं देती है।
प्रवक्ता ने कहा, किसी भी उद्देश्य से भारत आने के लिए ओसीआई कार्डधारकों को दिए गए लंबी अवधि के मल्टीपल एंट्री वीजा के अधिकार को भी भारत सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा प्रतिबंध समाप्त करने तक रद्द किया जाता है।
06:25 PM, 05-May-2020
हिमाचल में दो सक्रिय मामले
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभी तक राज्य में कोरोना वायरस के दो सक्रिय मामले हैं। अभी तक राज्य में कोरोना के चलते एक व्यक्ति की मौत हुई है और 34 लोग ठीक हो चुके हैं।
06:12 PM, 05-May-2020
तेलंगाना में 10वीं तक के सभी छात्र प्रमोट किए जाएंगे
कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने स्कूली शिक्षा आयुक्त को शिक्षा सत्र 2019-20 में पहली से 10वीं तक के सभी छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट करने का आदेश दिया है। इसमें सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी सभी स्कूल शामिल होंगे।
05:57 PM, 05-May-2020
देश में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 46711 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 46,711 हो गई है, जिनमें 31,967 मामले सक्रिय हैं। देश में अभी तक 1583 लोगों की मौत हो चुकी है और 13,160 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
05:47 PM, 05-May-2020
पंजाब में आज 219 नए मामले, कुल संख्या हुई 1451
पंजाब के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में आज कोविड-19 के 219 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1451 हो गई है जिनमें 1293 सक्रिय हैं। राज्य में कोरोना की वजह से अभी तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और दो लोग वेंटिलेटर पर हैं।
05:41 PM, 05-May-2020
महाराष्ट्र : पुणे में आज 99 नए मामले
महाराष्ट्र के पुणे में आज कोविड-19 के 99 नए मामले सामने आए। जिले के डिविजनल कमिश्नर दीपक म्हाईसेकर ने बताया कि अब यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 2202 हो घई है। अभी तक 553 लोग ठीक हो चुके हैं।
05:35 PM, 05-May-2020
कर्नाटक में कोरोना की स्थिति नियंत्रित : येदियुरप्पा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति देश के बाकी राज्यों के मुकाबले नियंत्रण में है। अब, रेड जोन के अतिरिक्त बाकी इलाकों में व्यापार, निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की जरूरत है।
वहीं, कर्नाटक में सोमवार शाम पांच बजे से मंगलवार शाम पांच बजे के बीच कोविड-19 के 22 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां कोरोना के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 673 हो गई है। राज्य में कोरोना से 29 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 331 लोग ठीक हो चुके हैं।
05:29 PM, 05-May-2020
महाराष्ट्र में दुकानों को पूरे समय खुलने की अनुमति
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने संशोधित दिशा-निर्देश को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। इसके अनुसार जिन बाजार या दुकानों को दो मई और तीन मई के आदेश के मुताबिक खुलने की अनुमति थी वे दुकानें अब पूरे समय तक (सुबह सात से शाम सात बजे तक) खुल सकती हैं।
05:15 PM, 05-May-2020
केरल में आज तीन नए मामले
केरल में कोविड-19 के आज तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए। ये सभी मामले वायनाड जिले के थे। राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 502 हो गई है जबकि सक्रिय मामले 37 हैं।
05:14 PM, 05-May-2020
ओडिशा : सीएम पटनायक का निर्देश, रोज हों 15 हजार जांच
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिया कि राज्य में जांच की गति को बढ़ाएं और 15 हजार जांच प्रति दिन सुनिश्चित करें।
05:05 PM, 05-May-2020
21 और श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलेंगी
रेलवे ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को लाने के लिए शुरू की गई श्रमिक स्पेशल ट्रेन सेवा के माध्यम से अभी तक 67 हजार श्रमिकों को लेकर 67 स्पेश ट्रेन चली हैं। रेलवे ने बताया कि मंगलवार से ऐसी 21 और ट्रेन शुरू हो सकती हैं।
04:51 PM, 05-May-2020
बंगाल में आज 85 नए मामले, सात लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल में आज कोरोना वायरस के 85 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। राज्य के गृह सचिव अलपन बंदोपाध्याय ने कहा कि अब यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1344 हो गई है। राज्य में आज कोरोना से सात लोगों की मौत हुई, जिसके बाद कुल इस वायरस से होने वाली कुल मौतों का आंकड़ा 68 हो गया। उन्होंने कहा कि राज्य में कुल सक्रिय मामले 940 हैं।
04:48 PM, 05-May-2020
विशाखापट्टनम में शराब की दुकानें खुलने के विरोध में उतरी महिलाएं
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में महिलाओं का एक समूह राज्य सरकार द्वारा शराब की दुकानों को अनुमति देने के आदेश के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही एक महिला ने कहा कि सब्जियों की दुकानों को खोलने का समय केवल तीन घंटे दिया गया है लेकिन शराब की दुकानों को सात घंटे का समय दिया गया है।
04:33 PM, 05-May-2020
सेना के 98 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती
भारतीय सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने कहा, 'कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कीन सेवाओं के 98 अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इनमें सेवा में, सेवानिवृत्त और निर्भर परिजन शामिल हैं। 42 रक्षा अधिकारियों और उनके परिजनों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।'
04:29 PM, 05-May-2020
ओडिशा में आज तीन नए मामले
ओडिशा सरकार के सूचना एवं जन संचार विभाग ने बताया कि राज्य में आज कोरोना वायरस के तीन पॉजिटिव मामले आए गए हैं, जिसके साथ यहां कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 173 हो गई है।
04:21 PM, 05-May-2020
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 46,433 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 3900 नए मामले सामने आए हैं और 195 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि बीते 24 घंटे में 1020 लोग ठीक भी हुए हैं और रिकवरी रेट (ठीक होने की दर) 27.41 फीसदी हो गया है।
04:15 PM, 05-May-2020
केंद्रीय गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिल श्रीवास्तव ने कहा है कि सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए विवाह सामरोह में 50 से अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकते हैं और अंतिम संस्कार में 20 से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं हो सकते हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा, जो कार्यालय अभी खुले हुए हैं वह अपने कर्चारियों की थर्मल स्कैनिंग कराना सुनिश्चित करें। इंचार्ज को मास्क और सैनिटाइजर की उपलब्धता को हर हाल में सुनिश्चित करना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पूरा पालन होना चाहिए। सभी कर्मचारियों के फोन में आरोग्य सेतु एप इंस्टाल होना चाहिए।
03:58 PM, 05-May-2020
विदेश में फंसे भारतीयों को लाने जाएंगे 64 विमान
उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि सात मई से 13 मई तक विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 64 उड़ानें संचालित की जाएंगी। पुरी ने कहा, इन 64 उड़ानों में 10 संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), दो कतर, पांच सऊदी अरब, सात ब्रिटेन, पांच सिंगापुर, सात अमेरिका, पांच फिलीपींस, सात बांग्लादेश, दो बहरीन, सात मलयेशिया, पांच कुवैत और दो ओमान जाएंगी।
03:32 PM, 05-May-2020
किसानों को सब्सिडी देगी पंजाब सरकार
लॉकडाउन के दौरान किसानों की मदद के लिए पंजाब सरकार ने एक फैसला लिया है। पंजाब सरकार राज्य के किसानों को खरीफ के सीजन में धान और मक्का की खेती में प्रयुक्त होने वाली मशीनरी पर 50 फीसदी की सब्सिडी देने का एलान किया है।
03:17 PM, 05-May-2020
मध्यप्रदेश में संबल योजना फिर से शुरू
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम एक महामारी से जूझ रहे हैं, इसलिए लोगो की जिन्दगी में सहारा देने वाली संबल योजना को हम फिर से शुरू कर रहे हैं, जब संबल योजना की पात्र कोई गरीब किसी शिशु को जन्म देगी तो जन्म देने से पहले चार हजार और जन्म देने के बाद 12 हजार रुपये उनके खाते में आएंगे।
चौहान ने कहा कि संबल में एक योजना और जोड़ी गई है ऐसे पांच हजार बच्चे जो 12वीं में सबसे ज्यादा नंबर लाएंगे उन सभी को 30 हजार रुपये अलग से दिए जाएंगे।
03:13 PM, 05-May-2020
उत्तराखंड में एक नया मामला, संक्रमितों की संख्या 61 हुई
उत्तराखंड राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में कोरोना का एक और मामला सामने आया है। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 61 हो गई है, जिसमें 39 ठीक / डिस्चार्ज किए गए लोग शामिल हैं।
03:08 PM, 05-May-2020
आईटीबीपी के 45 जवान कोरोना पॉजिटिव
दिल्ली में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 45 कर्मियों के कोरोना पॉजिटिव होने का मामला सामने आया है। इनमें से दिल्ली में आंतरिक सुरक्षा में तैनात किए गए 43 और दिल्ली पुलिस के साथ लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के लिए तैनात किए गए दो लोग शामिल हैं।
03:00 PM, 05-May-2020
भारतीय सेना के 24 लोग कोरोना पॉजिटिव
सेना के सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में भारतीय सेना के अनुसंधान और रेफरल अस्पताल में सेना के 24 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अस्पताल के और मरीजों की रिपोर्ट का अभी इंतजार है।
सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने बताया कि सभी 24 लोगों में भारतीय सेना के अस्पताल के कैंसर विभाग में भर्ती किए गए.,सेवारत्त और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों और उनके आश्रित शामिल हैं। इन्हें दिल्ली कैंट के बेस अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। ,
02:47 PM, 05-May-2020
आप सांसद बोले- दिल्ली के निजी अस्पतालों में 50 फीसदी बेड कोरोना के लिए आरक्षित हो
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एनडी गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा कि निजी अस्पतालों को कोरोना रोगियों के लिए कम से कम 50 फीसदी बेड आरक्षित करने का निर्देश दिया जाए।
02:41 PM, 05-May-2020
राजस्थान में 66 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 3127 हुई
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आज दोपहर दो बजे तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 66 नए मामले सामने आए हैं और पांच लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में 82 मौतों के साथ कुल मामलों की संख्या 3,127 हो गई है। जिसमें 1,581 सक्रिय हैं।
02:34 PM, 05-May-2020
कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कल बैठक करेंगी सोनिया गांधी
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना वायरस के कारण स्थिति को लेकर कल कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगी।
02:33 PM, 05-May-2020
विदेश में फंसे भारतीयों को लाएगी केंद्र सरकार
विदेश में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सरकार सात से 13 मई तक 64 उड़ानें संचालित करेगी। लगभग 14800 भारतीय वापस लाए जाएंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
02:27 PM, 05-May-2020
पंजाब से मजदूरों के घर लौटने से उद्योगपतियों की बढ़ी चिंता
कोरोना लॉकडाउन के बीच प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्यों में भेजा जा रहा है। इससे पंजाब के लुधियाना में उद्योगपतियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग, लुधियाना के अध्यक्ष यूएस आहूजा का कहना है कि हमने प्रवासी मजदूरों को कम से कम तीन महीने का वेतन प्रदान करने के लिए सरकार से मांग की है। अगर वे अपने घर लौट जाते हैं तो जब काम शुरू होगा उस समय यह एक बड़ी समस्या होगी।
02:17 PM, 05-May-2020
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज दिल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न राज्यों के कोरोना शिकायत नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की।
02:14 PM, 05-May-2020
पंजाब में शराब की दुकान खोलने के पक्ष में कैबिनेट मंत्री बाजवा
पंजाब के कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा ने कहा कि मैं इसके पक्ष में हूं कि शराब की दुकानें खुलनी चाहिए। मैं ऑनलाइन डिलीवरी के खिलाफ हूं और चाहता हूं कि सीधे ठेके ही खुलें। कल या परसों कैबिनेट की बैठक होगी जिसमें ये फैसला हो जाएगा कि शराब की दुकानें खुलेंगी या नहीं।
बाजवा ने कहा कि नांदेड़ साहिब से जो भाई आए हैं।हम उनका इलाज कर रहे हैं जो ठीक हो रहे हैं उन्हें घर भेज रहे हैं। विपक्ष तो आरोप लगाता ही है। सुखबीर ने जलालाबाद में ड्रामा किया पहले ये सुनिश्चित किया कि वो लोग वहां नहीं हैं फिर अगले दिन पहुंचे उन्हें देखने के लिए।
02:11 PM, 05-May-2020
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बोले- फिलहाल सामाजिक दूरी ही सबसे बड़ी वैक्सीन है
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि जब तक कोई वैक्सीन नहीं मिलती है तब तक सामाजिक दूरी हमारी लिए सबसे बड़ी वैक्सीन है। दिल्ली में कुछ छूटें दी गई है इसका ये मतलब नहीं कि हम सामाजिक दूरी का पालन नहीं करें। हम लोगों से बार-बार अपील कर रहे हैं कि आप मास्क लगाए और सामाजिक दूरी का पालन करें।
उन्होंने कहा कि आज, मैंने दिल्ली सरकार और शहर के नगर निगमों के अधिकारियों के साथ डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया रोगों के लिए तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इन वेक्टर जनित रोगों को नियंत्रित करने के लिए उपाय करना महत्वपूर्ण है।
02:08 PM, 05-May-2020
महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में आठ नए मामले
महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में आज कोरोना पॉजिटिव के आठ नए मामले सामने आए हैं। जिनमें 2 शिशु शामिल हैं। पिंपरी चिंचवाड़ के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
02:05 PM, 05-May-2020
राजस्थान सरकार ने मजदूरों से ट्रेन का किराया नहीं लिया- परिवहन मंत्री
राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान सरकार ने किसी भी प्रवासी मजदूर से ट्रेन का किराया नहीं लिया है। उन्हें मुफ्त में भेजा जा रहा है। सोनिया गांधी जी द्वारा घोषणा के बाद, हम उन्हें उनके गृह राज्यों में मुफ्त में वापस भेज रहे हैं।
01:41 PM, 05-May-2020
चेन्नई का थोक बाजार बना कोरोना हॉटस्पॉट
चेन्नई का कोयमबेडू थोक बाजार कोरोना का नया हॉटस्पॉट बन गया है। इसके बाद थोक बाजार को कोयमबेडू से थिरुमाझीसाई में अस्थाई तौर पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
01:29 PM, 05-May-2020
विस्तारा एयरलाइंस ने कर्मचारियों को अवैतनिक अवकाश पर भेजा
कोरोना लॉकडाउन के बीच विस्तारा एयरलाइंस के सीईओ ने सभी वरिष्ठ कर्मचारियों को मई और जून में 4-4 दिन के लिए बिना वेतन के छुट्टी (लीव विदाउट पे) पर जाने के लिए कहा है।
01:18 PM, 05-May-2020
राजस्थान से पश्चिम बंगाल पहुंचे 1188 लोग
पश्चिम बंगाल पुलिस ने बताया कि आज 1,188 लोग राजस्थान से डानकुनि रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें उनके घरों तक भेजा जा रहा है। 64 बसों और 42 छोटे वाहनों को इस काम के लिए रखा गया है।
01:09 PM, 05-May-2020
जेईई और नीट की परीक्षाओं की तारीखों का एलान
जेईई और नीट की परीक्षाओं की तारीखों का एलान कर दिया गया है। जेईई मेंस की परीक्षा 18,20,21,22 और 23 जुलाई को होगी। NEET की परीक्षा 26 जुलाई को होगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने इसकी घोषणा की। आईआईटी-जेईई एडवांस की परीक्षा अगस्त में आयोजित की जाएगी, इसकी तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। निशंक ने कहा कि जल्द ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्णय लिया जाएगा।
01:01 PM, 05-May-2020
सीआईएसएफ कर्मियों ने अपना एक दिन का वेतन पीएम केयर्स कोष में दिया
कोरोना से लड़ने के लिए दिल्ली में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने अपनी इच्छा से एक दिन का वेतन पीएम केयर्स कोष में दान किया। सीआईएसएफ के महानिदेशक राजेश रंजन ने गृह मंत्री अमित शाह को 16,23,82,357 रुपए का चेक सौंपा।
12:47 PM, 05-May-2020
छत्तीसगढ़ में शराब की होम डिलीवरी के लिए पोर्टल लॉन्च
देशभर में लॉकडाउन के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के ग्रीन जोन में शराब की होम डिलीवरी शुरू की है। सरकार ने शराब की होम डिलीवरी के लिए पोर्टल लॉन्च किया है। एक ग्राहक एक बार में 5000 एमएल तक का ऑनलाइन ऑर्डर दे सकता है, जिसकी डिलीवरी का शुल्क 120 रुपये होगा। छत्तीसगढ़ सरकार ने शराब की दुकानों पर भीड़ से बचने के लिए राज्य के हरे क्षेत्रों में शराब की होम डिलीवरी के लिए एक वेब पोर्टल लॉन्च किया है। यह जानकारी मंगलवार को एक अधिकारी ने दी।
जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पोर्टल का नाम राज्य द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के नाम पर रखा गया है, जो राज्य में शराब की बिक्री को नियंत्रित करता है।
12:41 PM, 05-May-2020
बीएसएफ में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 67 हुए
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 67 हो गए हैं। सबसे ज्यादा मामले दिल्ली बटालियन और त्रिपुरा से रिपोर्ट हुए हैं। दिल्ली में बल के कर्मियों को जामिया नगर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की ड्यूटी पर तैनात किया गया था। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि त्रिपुरा में बल के एक शिविर से कोविड-19 के 13 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 10 कर्मी और एक जवान के परिवार के तीन सदस्य (पत्नी और दो बच्चे) शामिल हैं।
12:23 PM, 05-May-2020
चेन्नई शहर में सात मई को भी नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें
तमिलनाडु राज्य सरकार द्वारा संचालित शराब की खुदरा और थोक विक्रय कंपनी, तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) ने घोषणा की है कि सात मई को ग्रेटर चेन्नई सिटी पुलिस की सीमा में शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी। दुकानें खुलने की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। बाकी जगहों पर सात मई को दुकानें खुलेंगी।
12:22 PM, 05-May-2020
कर्नाटक में आठ नए मामले, संक्रमितों की संख्या 659 हुई
कर्नाटक में सोमवार शाम पांच से आज दोपहर 12 बजे के बीच आठ और नए मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 659 हो गई है। जिसमें 324 डिस्चार्ज और 28 मौतें शामिल हैं।
12:12 PM, 05-May-2020
शराब दुकान के बाहर एक व्यक्ति ने पुलिस व्यवस्था को लेकर जताया रोष
दिल्ली के लक्ष्मीनगर में शराब के लिए सुबह से लाइन में खड़े एक व्यक्ति ने वहां पर हो रही परेशानियों पर रोष व्यक्त किया। उसने कहा कि मैं यहां सुबह छह बजे से खड़ा हूं। दुकान सुबह नौ बजे खुलने वाली थी, लेकिन सुबह 8:55 बजे पुलिस पहुंची ... अगर यहां कुछ अनहोनी हुई तो कौन जिम्मेदार होगा? कौन यहां पर व्यवस्थित करेगा लोगों को। ये पुलिस वालों की ड्यूटी नहीं है। आप एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं कि पब्लिक पागल हो रही है? पब्लिक को समझाएगा कौन? हमें 70 फीसदी कर लगने से कोई समस्या नहीं है, यह हमारे तरफ से देश के लिए दान की तरह है।
11:59 AM, 05-May-2020
आंध्र प्रदेश में शराब की कीमत में 50 फीसदी की बढ़ोतरी, दोपहर से लागू
आंध्र प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से बताया गया है कि राज्य सरकार ने शराब की कीमतों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की है, कुल मिलाकर शराब की कीमत में अब तक 75 फीसदी बढ़ोतरी हो गई है। संशोधित दरें आज दोपहर से लागू हो गई हैं। कहा गया है कि शराब की खपत को हतोत्साहित करने के लिए कीमत में बढ़ोतरी की गई है।
11:59 AM, 05-May-2020
सीआरपीएफ इकाई में कोरोना संक्रमण फैलने की जांच जल्द होगी पूरी
सीआरपीएफ की एक ही बटालियन के 137 जवानों के कोरोना से संक्रमित होने और एक जवान की मौत के गंभीर मामले की जांच जल्द पूरी हो जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बल इस महामारी का मुकाबला करने के लिए नए उपाय भी कर रहा है। उन्होंने बताया कि जांच सीआरपीएफ प्रमुख एपी माहेश्वरी की निगरानी में चल रही है और जल्द ही वह पूरी हो जाएगी।
11:58 AM, 05-May-2020
तेलंगाना से 1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर बिहार रवाना हुई विशेष ट्रेन
हैदराबाद के पास घाटकेसर से एक विशेष ट्रेन करीब 1,200 श्रमिकों को बिहार के खगड़िया के लिए लेकर मंगलवार को रवाना हुई। दक्षिण मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि श्रमिक विशेष ट्रेन आज सुबह बिहार के खगड़िया के लिए रवाना हुई। ट्रेन में सवार होने से पहले सभी यात्रियों की जांच की गई। तेलंगाना में श्रमिकों के लिए चलाई गई यह दूसरी रेलगाड़ी है।
11:38 AM, 05-May-2020
आंध्र प्रदेश में 67 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1717 हुई
आंध्र प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना पॉजिटिव के 67 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 1717 और मृतकों की संख्या 34 हो गई है
11:16 AM, 05-May-2020
कानून मंत्रालय का एक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव, शास्त्री भवन की चौथी मंजिल सील
केंद्रीय कानून मंत्रालय का एक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद शास्त्री भवन के एक मंजिल को सील कर दिया गया है। इस मंजिल पर कानून मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों के कार्यालय हैं।
लुटियंस जोन में सरकारी कार्यालय के सीलिंग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले नीति आयोग की बिल्डिंग को पिछले महीने सील कर दिया गया था। दो वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के अनुसार, कानून मंत्रालय के एक अधिकारी जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, वह शास्त्री भवन की चौथी मंजिल पर रह रहे थे। प्रोटोकॉल के अनुसार, उनके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है।
चौथी मंजिल के 'ए' विंग को गेट नंबर एक से गेट नंबर तीन तक सील कर दिया गया है और इसे सैनिटाइज किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि कुछ गेट और लिफ्ट भी बुधवार तक बंद रहेंगे।
11:04 AM, 05-May-2020
ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में चल रहा कोरोना संक्रमित जवानों का इलाज
आईटीबीपी के डीजी एसएस देसवाल ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में कोरोना से संक्रमित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों का इलाज चल रहा है। वर्तमान में आईटीबीपी, बीएसएफ और सीआईएसएफ के 58 जवान अस्पताल में भर्ती हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें सातों दिन, 24 घंटे हमारे जवानों का इलाज कर रही हैं।
10:39 AM, 05-May-2020
कोरोना वायरस पर केंद्रीय मंत्री समूह की बैठक जारी
कोरोना वायरस पर केंद्रीय मंत्री समूह (जीओएम) की बैठक स्वास्थ्य मंत्रालय में चल रही है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत भी मौजूद हैं।
10:05 AM, 05-May-2020
सूरत से ओडिशा लौटा एक युवक कोरोना संक्रमित
ओडिशा के गंजाम जिले में सूरत से लौटा एक 18 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसे सरकार की ओर से चल रहे क्वारंटीन केंद्र में रखा गया है। उसके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 170 हो गई है। सूचना और जनसंपर्क विभाग, ओडिशा ने यह जानकारी दी।
09:57 AM, 05-May-2020
कर्नाटक में शराब दुकान के बाहर लगी लाइन, सामाजिक दूरी का ऐसे किया पालन
कर्नाटक के हुबली में गोकुल रोड पर शराब की दुकान के बाहर नंबर लगाने के लिए लोग पानी की बोतल, हेलमेट, चप्पल, और बैग का इस्तेमाल कर रहे हैं।
09:38 AM, 05-May-2020
नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. अभिजीत बनर्जी के साथ राहुल गांधी बातचीत कर रहे हैं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी से कोरोना की वजह से अर्थव्यवस्था को पहुंचे नुकसान को लेकर बात कर रहे हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने रिजर्व बैक ऑफ इंडिया के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन से बात की थी। नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. अभिजीत बनर्जी ने राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान कहा कि इस समय दो चिंताएं हैं, एक यह है कि दिवालिया होने की श्रृंखला से कैसे बचा जाए, हो सकता है कि बहुत सारे ऋणों को बंद कर दिया जाए ... दूसरा मांग में कमी है। लोगों के हाथों में कुछ नकदी का होना अर्थव्यवस्था को शुरू करने का सबसे अच्छा तरीका है।
राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार बेशक बड़े फैसले ले लेकिन लॉकडाउन और जरूरी फैसलों को राज्य सरकार को लेने देना चाहिए। मौजूदा सरकार अलग हिसाब से चल रही है और केंद्र से ही फैसले लिए जा रहे हैं। अभिजीत ने कहा कि केंद्र को गरीबों के लिए नई योजना लाने की जरूरत है। राज्यों और जिला अधिकारियों को गरीबों को सीधा लाभ पहुंचाने की जरूरत है।
09:29 AM, 05-May-2020
दो विशेष उड़ानों से शुरू होगा भारतीयों को यूएई से निकालना
कोरोना वैश्विक महामारी के चलते संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए गुरुवार को दो विशेष उड़ानों का परिचालन किया जाएगा। दुबई में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने यह घोषणा की है। सोमवार को जारी एक बयान में बताया गया कि अबु धाबी से कोच्चि और दुबई से कोझिकोड तक की इन दो उड़ानों के लिए यात्रियों की सूची पर अंतिम निर्णय दुबई में भारतीय दूतावास और भारतीय महावाणिज्य दूतावास लेंगे। बयान में कहा गया कि यह सूची दूतावास या महावाणिज्य दूतवास के डेटाबेस में मौजूद पंजीकरणों के आधार पर बनाई जाएगी। इस आशय के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया कुछ दिनों पहले शुरू की गई थी।
09:24 AM, 05-May-2020
राजस्थान में 38 नए मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 3099 हुई
राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 38 नए मामले सामने आए हैं और पांच की मौत हुईं हैं। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 3099 हो गई है, जिसमें 1577 सक्रिय मामले और 82 मौतें शामिल हैं।
09:01 AM, 05-May-2020
भारत में संक्रमितों की संख्या 46433 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3900 नए मामले सामने आए हैं और 195 लोगों की मौत हुई है। यह संख्या अब तक भारत में सर्वाधिक है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 46,433 हो गई है। जिसमें 32,138 सक्रिय हैं, 12,727 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1,568 लोगों की मौत हो चुकी है।
08:33 AM, 05-May-2020
70 फीसदी कर लगाने के बाद भी दिल्ली में शराब के लिए लगी लाइन
दिल्ली के लक्ष्मी नगर में एक शराब की दुकान के बाहर लोग सुबह से ही लाइन में लग गए हैं। दिल्ली सरकार ने 'विशेष कोरोना शुल्क' के तौर पर शराब के अधिकतम खुदरा मूल्य पर 70 फीसदी का कर लगाया है।
08:26 AM, 05-May-2020
रामपुर की टांडा तहसील में खुले मोबाइल मेडिकल स्टोर
उत्तर प्रदेश के रेड जोन एरिया रामपुर की टांडा तहसील में अधिकतर लोग दवाई का का बहाना बनाकर सड़कों पर घूमते नजर आते थे जिससे निपटने के लिए रामपुर जिला प्रशासन ने टांडा में ई रिक्शाओं पर मोबाइल मेडिकल स्टोर खोल दिए हैं। इस पहल से बहुत से ई रिक्शा चालकों को रोजगार मिला, साथ ही लोगों को घर बैठे दवाई।
08:02 AM, 05-May-2020
अहमदाबाद से बिहार पहुंचे 1208 प्रवासी मजदूर
कोरोना लॉकडाउन के बीच गुजरात के अहमदाबाद से 1208 प्रवासी मजदूरों को लेकर विशेष ट्रेन आज सुबह बिहार के मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
07:58 AM, 05-May-2020
मुंबई में 17 मई तक लागू रहेगी धारा 144
महाराष्ट्र में कोरोना लॉकडाउन के दौरान मुंबई में 17 मई 2020 तक आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू रहेगी। सभी गैर-जरूरी सेवाओं के लिए एक या एक से अधिक व्यक्तियों का इकट्ठा होना, चिकित्सा कारणों को छोड़कर, रात आठ से सुबह सात बजे के बीच प्रतिबंधित रहेगा।
07:52 AM, 05-May-2020
ओखला फल व सब्जी मंडी के बाहर लोगों की भारी भीड़
लॉकडाउन के बीच दिल्ली की ओखला फल व सब्जी मंडी के बाहर लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। देश में कोरोना लॉकडाउन को 17 मई तक बढ़ाया गया है।
07:42 AM, 05-May-2020
ओडिशा में एक और कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या 170 हुई
ओडिशा में एक और कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। अब राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 170 हो गई है, इसमें 109 सक्रिय मामले, 60 ठीक और एक मौत शामिल है।
06:57 AM, 05-May-2020
भारतीयों को निकालने के लिए भेजे गए नौसेना के तीन युद्धपोत
भारत ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण मालदीव और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए नौसेना के तीन युद्धपोत भेजे हैं। रक्षा प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुंबई तट पर तैनात आईएनएस जलाश्व और आईएनएस मगर को सोमवार रात मालदीव के लिए रवाना किया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि आईएनएस शार्दुल को प्रवासियों को निकालने के लिए यूएई भेजा गया है। उन्होंने कहा कि तीनों युद्धपोत लौटकर कोच्चि आएंगे। आईएनएस मगर और आईएनएस शार्दुल नौसेना की दक्षिणी कमान के पोत हैं जबकि आईएनएस जलाश्व नौसेना की पूर्वी कमान का पोत है।
06:52 AM, 05-May-2020
उत्तराखंड: ऋषिकेश एम्स में कोरोना का एक और मामला
ऋषिकेश एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि सोमवार को यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती एक मरीज की तीमारदार महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है।
06:41 AM, 05-May-2020
गोवा में 1200 से ज्यादा विदेशी पर्यटक
देशव्यापी लॉकडाउन के बीच गोवा में करीब 1200 से ज्यादा विदेशी पर्यटक हैं। गोवा में विदेशियों के क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के एसपी बोस्को जॉर्ज ने बताया कि जो पर्यटक विदेशों से छह महीने से अधिक का वीजा लेकर आते हैं उन्हें एफआरआरओ कार्यालय में पंजीकरण करना होगा। फिलहाल करीब 1200 ऐसे विदेशी गोवा में हैं जो दीर्घकालिक वीजा लेकर भारत आए हैं।
इसके अलावा कुछ पुर्तगाल के नागरिक भी देश में हैं, जो कि वहां की नागरिकता लेने से पहले भारतीय नागरिक ही थे। यह भी ओसीआई कार्डधारक हैं तो इन्हें क्षेत्रीय कार्यालय में पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। इस तरह से देखें तो कुल 2000 के करीब विदेशी गोवा में रह रहे हैं।
केरल: मजदूरों को पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ा
केरल के कोझिकोड जिले के पय्योली शहर में प्रवासी मजदूरों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। वह अपने मूल राज्य भेजे जाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान स्थानीय पुलिस ने कुछ मजदूरों को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया।
04:47 AM, 05-May-2020
दिल्ली: अब 90 कंटेनमेंट जोन
दिल्ली में तीन और जोन को खोल दिया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब कुल मिलाकर 90 हो गई है। खोले गए इलाकों में 11/3 दूसरी मंजिल पर अशोक नगर और उसके आसपास का क्षेत्र, ए 36/4 पूर्वी पटेल नगर और जी-174 और कैपिटल ग्रीन्स, डीएलएफ, मोती नगर शामिल हैं, इन्हें सोमवार को सूची से हटा दिया गया।
तमिलनाडु: कक्षा चार की छात्रा ने राहत कोष में दिए गुल्लक के पैसे
कोयंबटूर में सोमवार को कक्षा चार की छात्रा उसकी बहन और भाई ने अपनी गुल्लक में बचाकर रखे गए करीब 7000 रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए। छात्रा ने नगरपालिका प्रशासन मंत्री एसपी वेलुमनी को यह राशि सौंपी।
04:35 AM, 05-May-2020
झारखंड: 905 प्रवासी मजदूर घरों को रवाना
राज्य के 905 प्रवासी मजदूर सोमवार को राजस्थान के नागौर से रामगढ़ जिले के बरकाकाना रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्हें बाद में राज्य सरकार ने बसों से उनके संबंधित जिलों में भेज दिया गया।
गुजरात: 1200 कामगार ट्रेन से झारखंड रवाना
गुजरात के सूरत से सोमवार को करीब 1200 प्रवासी कामगारों को लेकर एक विशेष ट्रेन झारखंड के लिए रवाना हुई।
04:19 AM, 05-May-2020
तेलंगाना: हैदराबाद और उसके पास के तीन जिलों में सबसे ज्यादा मौतें
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई है कि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने सीएम को बताया है कि कोरोना के कारण और मरने वाले लोगों का अधिक प्रतिशत हैदराबाद और उसके तीन पड़ोसी जिलों में अधिक है। यह पड़ोसी जिले हैं रंगारेड्डी, मेडचाल और विकाराबाद। इसलिए हैदराबाद समेत इन तीनों जिलों में लॉकडाउन का और अधिक सख्ती के साथ पालन कराया जाना जरूरी है।
अधिकारियों ने सीएम से इन जिलों में कोई ढील नहीं देने का अनुरोध किया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में मामलों में कमी आई है और रोकथाम वाले क्षेत्रों में भी मरीजों की संख्या कम हुई है।
तेलंगाना सरकार ने जानकारी दी है कि हैदराबाद के मीर चौक डिवीजन से सोमवार को बिहार के 59 मजदूरों को दो बसों के जरिए सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन लाया गया है। पुलिस का कहना है कि मंडल में लगभग 2000-3000 प्रवासी कामगार हैं। उन्हें प्रतिदिन छोटे समूहों में एकत्र कर वापस उनके गृह राज्य भेजा जाएगा।
गोलकुंडा पुलिस स्टेशन की सीमा से झारखंड के 30 श्रमिकों को सोमवार रात रेलवे स्टेशन भेजा गया। इंस्पेक्टर चंद्रशेखर रेड्डी ने बताया कि सरकार द्वारा भेजे गए वाहन में 30 श्रमिकों को भेजा गया। कुछ लोग जो अपने स्वयं के खर्च पर प्राइवेट बस में जाना चाहते थे, उन्हें भी अनुमति दी गई।
कर्नाटक: जल्द कराएंगे एसएसएलसी परीक्षा
कर्नाटक के शिक्षा मंत्री एस सुरेश कुमार ने बताया कि एसएसएलसी परीक्षा जल्द से जल्द आयोजित की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को तैयार रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के उपनिदेशकों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। परीक्षा हॉल में सैनिटाइजर, मास्क, स्क्रीनिंग आदि सभी सुरक्षात्मक उपायों को अपनाया जाएगा।
04:03 AM, 05-May-2020
बिहार: आज होगी सर्वदलीय बैठक
बिहार में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से निपटने को लेकर चर्चा के लिए मंगलवार को सभी पार्टियों की बैठक होगी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित होगी।
पंजाब: फोन पर मिल रहा संदेश, आज कहां बंटेगा राशन
लुधियाना के उपायुक्त प्रदीप अग्रवाल ने डिप्टी कमिश्नर ने इस संबंध में बताया कि हमने राशन बांटने के लिए एक प्रणाली बनाई है। इसके तहत लोगों को उनके संपर्क नंबर पर संदेश भेजा जाता है कि कब, कहां, किस समय राशन बांटा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि हमें हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करें, हम 24 घंटे के भीतर आपसे संपर्क करेंगे और राशन वितरण के लिए नामित स्थानों का विवरण देंगे। बता दें कि पंजाब के लुधियाना के ढंडारी में प्रवासी मजदूरों ने राशन नहीं मिलने पर रविवार को सड़क पर जाम लगा दिया था।
03:45 AM, 05-May-2020
कर्नाटक: मजदूरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया जाम
प्रवासी श्रमिकों ने बंगलूरू में सोमवार को अंतराष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया, यह सभी अपने गृह राज्य वापस भेजने की मांग कर रहे थे। बंगलूरू पुलिस आयुक्त, राज्य के मंत्री आर अशोक और अन्य ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को समझाकर राजमार्ग से हटवाया।
असम: मुख्यमंत्री-पशुपालन मंत्री ने किया दौरा
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य के पशुपालन मंत्री अतुल बोरा ने सोमवार को गुवाहाटी में राज्य के सूअरों में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू के प्रकोप के मद्देनजर क्षेत्रीय उद्यमिता प्रबंधन और आईसीएआर-राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र का दौरा किया।
इस दौरान मंत्री बोरा ने कहा कि अफ्रीकी स्वाइन फ्लू के मामले अंतिम बार साल 2019 में चीन में मिले थे। यह जनवरी में अरुणाचल में शुरू हुआ था, और असम में फरवरी में 2,600 लोगों की मौत हुई थी। संक्रमण और निगरानी वाले क्षेत्र का दायरा 10 किलोमीटर का है।
02:19 AM, 05-May-2020
आंध्र प्रदेश में प्रवासी मजदूरों पर लाठीचार्ज और पुलिस पर पथराव
आंध्र प्रदेश: अपने गृह राज्यों में वापसी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे प्रवासी मजदूरों के एक समूह पर पश्चिम गोदावरी के कोवुरू उदय में पुलिस ने लाठी चार्ज किया। पुलिस द्वारा उनसे जगह को छोड़ने की अपील करने पर कथित रूप से पथराव किया गया।
02:11 AM, 05-May-2020
तेलंगाना में रेलवे स्टेशन की तरफ बढ़े प्रवासी मजदूरों को रोका गया
तेलंगाना: हैदराबाद में लगभग 1000 प्रवासी कामगार जो अपने घरेलू राज्यों में लौटने के लिए सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर जा रहे थे, उन्हें पुलिस ने रात में बहादुरपुर इलाके में रोक दिया। बाद में उन्हें एक समारोह हॉल में स्थानांतरित करने के लिए बसों की व्यवस्था की गई।
अपर आयुक्त अनिल कुमार, ट्रैफिक पुलिस का कहना है, 'हमने उन्हें एक समारोह हॉल में स्थानांतरित करने के लिए वाहनों की व्यवस्था की, हमने उनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की है। हमने उन्हें आश्वासन दिया है कि आने वाले दो दिन में तेलंगाना सरकार उन्हें उनके गृह राज्यों में वापस भेज देगी।" उन्होंने हमारी बात सुनी और वापस जाने के लिए सहमत हुए "
02:11 AM, 05-May-2020
जमात के एक व्यक्ति ने दिया प्लाज्मा
कोरोना से ठीक हो चुके तब्लीगी जमात के एक सदस्य ने दूसरे मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा दान दिया है।
01:38 AM, 05-May-2020
शराब की बिक्री तय समय पर करवाने के निर्देश
दिल्ली के आबकारी विभाग ने दिल्ली पुलिस को खत लिखकर शराब की बिक्री पर कुछ दिशानिर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर से कहा गया है कि सरकार के चार निगमों के तहत आने वाले वेंडरों से यह सुनिश्चित करवाया जाए कि वे दुकानें सुबह के 9 बजे से शाम 6:30 बजे तक ही खोलेंगे।
01:29 AM, 05-May-2020
पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में बनाए गए कंटेनमेंट जोन
पश्चिम बंगाल में चार मई तक पश्चिम बंगाल में 61 नए मामले सामने आये थे, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1259 हो गई। वहीं कोलकाता में 312 कंटेनमेंट जोन को चिन्हित किया गया है।
हावड़ा में 76 कंटेनमेंट और बफर जोन को चिन्हित किया है
24 नॉर्थ परगना में कुल 86 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं
12:44 AM, 05-May-2020
भारत में कोरोना : तेलंगाना में 29 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, मुंबई में बंद रहेंगी शराब की दुकानें
4 मई तक, कुल 67 BSF जवान कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। त्रिपुरा से, संक्रमण के 13 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 10 बीएसएफ कर्मी हैं और अन्य 3 में एक जवान की पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। दिल्ली से कुल 41 संक्रमित मिले हैं और एक कोलकाता से है। बीएसएफ का एक जवान छुट्टी पर रहने के बावजूद कोरोना से संक्रमित मिला है: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)